भाजपा समर्थित प्रत्याशी सुरेंद्र साहू ने शक्ति प्रदर्शन के साथ किया नामांकन दाखिल, नेताओं ने कहा कांग्रेस मुक्त पाटन अभियान का हुआ आगाज़
सुरेंद्र साहू के नामांकन के साथ पाटन में विकास और सुशासन की नई शुरुआत का संदेश

पाटन। जनपद पंचायत पाटन क्षेत्र क्रमांक-04 के उपचुनाव में आज भाजपा समर्थित प्रत्याशी श्री सुरेंद्र साहू ने भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ भव्य रैली निकालकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के अंतिम दिन आयोजित इस शक्ति प्रदर्शन ने क्षेत्र की राजनीति में नया उत्साह भर दिया।
रैली में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, मंडल पदाधिकारियों, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा तथा विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। महिला एवं पुरुष मतदाताओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता कर भाजपा के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया।



इस अवसर पर भाजपा नेताओं ने कहा कि यह उपचुनाव केवल एक चुनाव नहीं, बल्कि पाटन को विकास, सुशासन और जनसेवा के नए मार्ग पर आगे बढ़ाने का संकल्प है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनता के आशीर्वाद और कार्यकर्ताओं की मेहनत से श्री सुरेंद्र साहू ऐतिहासिक विजय प्राप्त करेंगे और इसी जीत के साथ पाटन में कांग्रेस मुक्त अभियान का सशक्त शुभारंभ होगा।
भाजपा पदाधिकारियों ने सभी कार्यकर्ताओं से घर-घर पहुंचकर श्री सुरेंद्र साहू के पक्ष में व्यापक जनसंपर्क करने और अधिक से अधिक मतदाताओं का समर्थन प्राप्त करने की अपील की।



