पाटन जनपद उपचुनाव: भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशियों ने भरा नामांकन, मुकाबला हुआ रोचक

पाटन-अमलेश्वर। जनपद पंचायत पाटन अंतर्गत क्षेत्र क्रमांक 04 के जनपद सदस्य उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। भाजपा और कांग्रेस पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों ने अपना नाम निर्देशन पत्र संबंधित अधिकारियों के समक्ष जमा कर दिया है।
भाजपा समर्थित प्रत्याशी सुरेंद्र साहू ने रिटर्निंग ऑफिसर पवन सिंह ठाकुर के समक्ष अपना नामांकन दाखिल किया। वहीं कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी श्रीमती उर्वशी साहू ने जनपद पंचायत सीईओ जगेंद्र साहू के पास अपना नाम निर्देशन पत्र जमा किया।



नामांकन दाखिले के दौरान दोनों प्रत्याशियों के समर्थक मौजूद रहे और अपने-अपने उम्मीदवारों के समर्थन में उत्साह दिखाई दिया। उपचुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला होने की चर्चा क्षेत्र में जोर पकड़ रही है। दोनों दल अपने प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने के लिए रणनीति बनाने में जुट गए हैं।
इस उपचुनाव की खास बात यह है कि अब तक ग्राम पाहंदा से तीन साहू समाज के प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है, जबकि सांकरा से सतनामी समाज के एक प्रत्याशी ने भी मैदान में उतरते हुए नामांकन जमा किया है।
जैसे-जैसे उपचुनाव की तारीख नजदीक आएगी, क्षेत्र में चुनावी माहौल और अधिक गर्माने की संभावना है। फिलहाल इच्छुक प्रत्याशियों द्वारा नाम निर्देशन पत्र जमा करने की प्रक्रिया जारी है। 18 मई के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि चुनावी मैदान में कुल कितने प्रत्याशी रहेंगे। अभी तक भाजपा, कांग्रेस और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी और एक निर्दलीय के उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है।



