अमलेश्वरकुम्हारीखेती किसानी के गोठचरौदाछत्तीसगढ़जामगांव आरदुर्ग भिलाईदेश दुनियाधमतरीपाटनबालोदबिलासपुरभिलाई 3राजनांदगांव

रानीतराई स्टेडियम बदहाल, रखरखाव के अभाव में सुविधाएं हो रहीं खराब, जिम्मेदार मौन

रानीतराई, पाटन। पाटन विधानसभा क्षेत्र के दक्षिण पाटन स्थित ग्राम रानीतराई में खिलाड़ियों के लिए लाखों रुपये की लागत से निर्मित स्टेडियम इन दिनों रखरखाव के अभाव में बदहाली की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। स्टेडियम परिसर में जगह-जगह घास-फूस उग आई है, वहीं खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध कराई गई आधुनिक सुविधाएं भी धीरे-धीरे खराब होने की स्थिति में पहुंच रही हैं। क्षेत्र के खेल प्रेमियों और युवाओं ने स्टेडियम की नियमित साफ-सफाई एवं रखरखाव कराकर इसे खिलाड़ियों के लिए उपयोगी बनाने की मांग की है।

बताया जाता है कि पाटन विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत रानीतराई में तत्कालीन मुख्यमंत्री एवं पाटन विधायक भूपेश बघेल के कार्यकाल में खिलाड़ियों के लिए स्टेडियम का निर्माण कराया है। सत्ता परिवर्तन के बाद विभागीय स्तर पर इसका लोकार्पण दुर्ग सांसद विजय बघेल के मुख्य अतिथि में तत्कालीन ग्राम पंचायत रानीतराई के सरपंच निर्मल जैन की अगुवाई में कराया गया है। लोकार्पण के बाद क्षेत्रवासियों और खिलाड़ियों को उम्मीद थी कि स्टेडियम नियमित रूप से खिलाड़ियों के उपयोग में आएगा, लेकिन वर्तमान में रखरखाव के अभाव में इसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

स्टेडियम परिसर में उगी घास-फूस और साफ-सफाई के अभाव के साथ ही वहां लगी लाइटें, कूलर, पंखे एवं एसी सहित अन्य सुविधाएं भी खराब होने की स्थिति में बताई जा रही हैं। खेल प्रेमियों का कहना है कि समय रहते इन सुविधाओं का रखरखाव नहीं किया गया तो करोड़ो की लागत से तैयार की गई खेल सुविधाएं अनुपयोगी हो सकती हैं।

स्टेडियम नहीं खुलने से युवा वैकल्पिक जगहों पर कर रहे अभ्यास

रानीतराई सहित आसपास के गांवों के कई युवा सेना भर्ती एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की शारीरिक तैयारी के लिए नियमित अभ्यास करते हैं। स्टेडियम उपलब्ध होने के बावजूद उसके उपयोग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण युवाओं को वैकल्पिक स्थानों पर अभ्यास करना पड़ रहा है। खिलाड़ियों का कहना है कि यदि स्टेडियम की साफ-सफाई, मरम्मत और आवश्यक सुविधाओं का नियमित रखरखाव हो तथा इसे खिलाड़ियों के लिए खोला जाए तो युवाओं को अभ्यास के लिए बेहतर स्थान मिल सकता है।

अब सेवा संकल्प अभियान से जगी उम्मीद

क्षेत्र में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के बीच रानीतराई स्टेडियम को लेकर भी लोगों में उम्मीद जगी है। हालांकि अब आने वाला समय ही बताएगा कि स्टेडियम की साफ-सफाई एवं रखरखाव को लेकर संबंधित विभाग और स्थानीय प्रशासन द्वारा क्या कदम उठाए जाते हैं तथा खिलाड़ियों के लिए स्टेडियम को नियमित रूप से खोला जाता है या नहीं।

क्षेत्र के खेल प्रेमियों और युवाओं ने संबंधित विभाग से स्टेडियम का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत, साफ-सफाई एवं रखरखाव कराने तथा खिलाड़ियों को इसका नियमित लाभ दिलाने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!