मेंटेनेंस के नाम पर विद्युत आपूर्ति बाधित होने से निस्तारी कार्य प्रभावित, सरपंच रमाकांत साहू ने जताई नाराजगी
जामगांव आर। पाटन ब्लॉक अंतर्गत जामगांव आर क्षेत्र में बिजली की आंख-मिचौली और बिना पूर्व सूचना विद्युत आपूर्ति बंद किए जाने से ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, रिवागहन फीडर अंतर्गत ग्राम आगेसरा, उमरपोटी और बरेल क्षेत्र में विद्युत विभाग द्वारा मेंटेनेंस कार्य के नाम पर बिना पूर्व सूचना बिजली बंद कर दी गई। इससे ग्रामीणों के दैनिक कार्यों के साथ निस्तारी संबंधी गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।
इस मामले को लेकर ग्राम पंचायत आगेसरा के युवा सरपंच रमाकांत साहू ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग द्वारा समय-समय पर मेंटेनेंस कार्य किया जाना आवश्यक है और इस पर किसी को आपत्ति नहीं है। लेकिन मेंटेनेंस के नाम पर बिना पूर्व सूचना विद्युत आपूर्ति बंद कर देना उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बन रहा है।
सरपंच रमाकांत साहू के अनुसार, जब बिजली बंद होने के संबंध में जानकारी ली जाती है, तब पता चलता है कि विभाग द्वारा मेंटेनेंस कार्य किया जा रहा है। यदि विभाग को मरम्मत या रखरखाव के लिए बिजली बंद करनी है, तो इसकी सूचना उपभोक्ताओं को पहले से दी जानी चाहिए, ताकि ग्रामीण अपने जरूरी कार्यों की व्यवस्था कर सकें।
उन्होंने कहा कि बिना पूर्व सूचना बिजली बंद करना उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी में डालने जैसा है। विद्युत विभाग को मेंटेनेंस कार्य की जानकारी समय रहते सार्वजनिक करनी चाहिए, जिससे लोगों को असुविधा से बचाया जा सके।
फिलहाल आगेसरा सहित आसपास के गांवों में विद्युत आपूर्ति बाधित होने की जानकारी सामने आई है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है। अब देखना होगा कि विद्युत विभाग इस समस्या को लेकर क्या कदम उठाता है और भविष्य में मेंटेनेंस कार्य से पहले सूचना देने की व्यवस्था सुनिश्चित करता है या नहीं।



