सेवा पखवाड़ा के तहत युवा शक्ति संगठन बोरसी ने चलाया स्वच्छता अभियान, किया पौधारोपण

दुर्ग। ‘मेरा युवा भारत’ (MYBharat) के अंतर्गत मनाए जा रहे सेवा पखवाड़ा के तहत रविवार को युवा शक्ति संगठन बोरसी के नेतृत्व में वार्ड क्रमांक 52, बोरसी स्थित आत्मानंद स्कूल मैदान के समीप स्वच्छता अभियान एवं पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान संगठन के सदस्यों एवं स्थानीय युवाओं ने श्रमदान करते हुए तालाब किनारे एवं आसपास के पूरे परिसर की साफ-सफाई की। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए चार छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया। युवाओं ने पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर युवाओं ने सेवा भाव को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण एवं स्वच्छ भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। युवाओं ने नशामुक्ति एवं स्वच्छता का संकल्प लेते हुए नियमित रूप से प्रकृति सेवा एवं अन्य सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहने की बात कही।
अतिथियों ने की युवाओं के प्रयासों की सराहना
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ‘माय भारत’ के जिला युवा अधिकारी श्री क्षितिज एवं उनकी टीम विशेष रूप से उपस्थित रही। जिला युवा अधिकारी ने युवा शक्ति संगठन बोरसी के सेवाभावी प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं द्वारा समाजहित एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्य प्रेरणादायी हैं। उन्होंने युवाओं के सकारात्मक प्रयासों में निरंतर मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में संगठन के अध्यक्ष प्रशांत साहू, खिलेंद्र साहू, कन्हैया साहू, बसंत, कुलेश्वर, सुशील साहू, गुलशन देशमुख, हर्ष साहू, रश्मि साहू, रवींद्र कुमार दास, मनीष कुमार साहू, दुष्यंत साहू, पीयूष साहू, अर्जुन साहू, मनीष पटेल, तनिष्का, अविनाश साहू, योगेश साहू, उमेंद्र जी सहित बड़ी संख्या में युवा एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



