सोरम में 25 अक्टूबर को होगा झेरिया यादव समाज का सामाजिक पाली उत्सव, महिला-युवा सम्मेलन एवं सम्मान समारोह

पाटन। छत्तीसगढ़ झेरिया यादव समाज पाटन परिक्षेत्र अंतर्गत पाली क्रमांक-1 के तत्वावधान में आगामी 25 अक्टूबर, रविवार को ग्राम सोरम (पाटन), जिला दुर्ग में सामाजिक पाली उत्सव, महिला एवं युवा सम्मेलन तथा सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजनों, पदाधिकारियों, महिलाओं एवं युवाओं की सहभागिता रहेगी। स्वामी आत्मानंद चौक पाटन से कार्यक्रम स्थल तक भव्य बाइक रैली का आयोजन।
आयोजकों के अनुसार, यह आयोजन सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव और समाज की सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले लोगों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही महिला एवं युवा सम्मेलन के माध्यम से सामाजिक गतिविधियों में उनकी भागीदारी को प्रोत्साहित किया जाएगा।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ झेरिया यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष जगनिक यादव सहित प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों सहित पाटन परिक्षेत्र के सामाजिक प्रतिनिधियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है। आयोजन को लेकर पाली क्रमांक-1 एवं संबंधित ग्रामों के सामाजिक पदाधिकारियों और सदस्यों द्वारा तैयारियां की जा रही हैं।
निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर
सामाजिक आयोजन के साथ स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निःशुल्क शारीरिक जांच एवं परामर्श शिविर भी लगाया जाएगा। शिविर में जापानी तकनीक के माध्यम से शरीर की जांच एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श देने की जानकारी आमंत्रण पत्र में दी गई है। शिविर में डॉ. उमेश वर्मा अपनी सेवाएं देंगे।
आयोजक मंडल ने समाज के सभी परिवारों, सामाजिक पदाधिकारियों, महिला एवं युवा साथियों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।



