जामगांव एम में राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर का समापन, ग्रामीणों को किया गया जागरूक

अम्लेश्वर। राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, दुर्ग के उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, सांकरा पाटन के स्वयंसेवकों द्वारा जामगांव एम में सात दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को नशा त्याग, स्वच्छता, एवं “रक्तदान महादान” जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया।


शिविर का समापन समारोह 22 मार्च को आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती तुलसी रोहित सिन्हा, विश्वविद्यालय के कुल सचिव डॉ. यशवंत केराम, डॉ. सुबूही निषाद, डॉ. संजय शर्मा, महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. अमित दीक्षित एवं कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गगेंद्र सिंह राजपूत विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मितानिनी बहनों और ग्रामीणों को पौधा भेंट किया गया।
इस अवसर पर स्वयंसेवक छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी रही। अतिथियों ने शिविर के सफल आयोजन की सराहना करते हुए विद्यार्थियों के प्रयासों को प्रेरणादायक बताया और समाज सेवा के प्रति उनके समर्पण की प्रशंसा की।








