दुर्ग के चिखली के बाद अब पाटन के बटंग की घटना भाजपा सरकार की कानून व्यवस्था की पोल खोल रहे हैं – राकेश ठाकुर
दुर्ग। जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने दुर्ग जिले में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे दिनदहाड़े लूट, हत्या और महिलाओं पर हथियार के बल पर हमला जैसी वारदातों को खुलेआम अंजाम दे रहे हैं।
राकेश ठाकुर ने कहा कि धमधा रोड पर ग्राम तुमाकला के पूर्व सरपंच एवं वर्तमान सरपंच पति स्वर्गीय प्रकाश सिंह कश्यप की लूट का विरोध करने पर निर्मम हत्या कर दी गई। इस जघन्य घटना से पूरा क्षेत्र आज भी सदमे में है। वहीं अब पाटन विधानसभा क्षेत्र में दिनदहाड़े एक महिला शिक्षिका को पिस्तौल की नोक पर लूटने की घटना ने यह साबित कर दिया है कि जिले में आम नागरिक, महिलाएं और जनप्रतिनिधि तक सुरक्षित नहीं हैं।



उन्होंने कहा कि एक के बाद एक हो रही इन घटनाओं ने स्पष्ट कर दिया है कि प्रदेश की भाजपा सरकार अपराध नियंत्रण में पूरी तरह विफल साबित हुई है। जनता भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर है, जबकि सरकार केवल प्रचार में व्यस्त है।
राकेश ठाकुर ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज़ नहीं बची है। मुख्यमंत्री को जनता की सुरक्षा की चिंता करने के बजाय केवल अपनी सरकार की छवि बचाने की चिंता है।
उन्होंने प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग करते हुए कहा कि जब प्रदेश में हत्या, लूट, महिलाओं पर हमले और संगठित अपराध लगातार बढ़ रहे हों, तब गृह विभाग अपनी जिम्मेदारी निभाने में पूरी तरह असफल साबित हुआ है।
राकेश ठाकुर ने मांग की कि स्व. प्रकाश सिंह कश्यप की हत्या के सभी आरोपियों को कठोरतम सजा दिलाई जाए वहीं पाटन क्षेत्र में महिला शिक्षिका से लूट करने वाले अपराधियों को भी कठोर सजा दिलाने पुलिस कार्य करे। दुर्ग जिले में कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस गश्त बढ़ाई जाए तथा अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अपराधों पर शीघ्र अंकुश नहीं लगाया गया और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस पार्टी जनता के साथ मिलकर जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।



