भाई का स्नेह, बहनों का अधिकार—विष्णु भैया के साथ आत्मनिर्भर परिवार, राखी की अग्रिम सौगात से बढ़ा त्योहार का उत्साह : कमलेश वर्मा
पाटन। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर महिलाओं के घर इस बार खुशियां और भी दोगुनी हो गई हैं। प्रदेश सरकार की ‘महतारी वंदन योजना’ ने कई गृहणियों के जीवन में स्वावलंबन और आर्थिक निश्चिंतता की नई रोशनी बिखेरी है।
जनपद पंचायत पाटन उपाध्यक्ष कमलेश वर्मा ने कहा कि महिलाएं मुस्कुराते हुए कहती हैं कि वैसे तो हर बार योजना के तहत आर्थिक सहयोग राशि प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की ओर से मिलती है, लेकिन इस बार की सौगात बेहद खास है। यह राशि केवल सरकारी योजना का लाभ नहीं, बल्कि हम बहनों के लिए ‘विष्णु भैया’ की ओर से राखी का स्नेह और उपहार है, ताकि बहनों का त्यौहार खुशियों और उल्लास से भर सके।




कमलेश वर्मा ने कहा कि एक सच्चे भाई का फर्ज निभाते हुए मुख्यमंत्री विष्णु भैया ने रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की बहनों के लिए स्नेह की यह सौगात भेजी है। बहनों को त्योहार की तैयारियों में किसी प्रकार की कमी न रहे, इसी संवेदनशील सोच के साथ महतारी वंदन योजना की किस्त समय से पहले ही महिलाओं के खातों में हस्तांतरित की गई है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के अधिकार और सम्मान को प्राथमिकता देने वाली ऐसी योजनाएं परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। महिलाओं के चेहरों की मुस्कान और उनके परिवारों में खुशहाली इस बात का प्रमाण है कि सशक्त महिला ही आत्मनिर्भर एवं खुशहाल परिवार की आधारशिला है।



