डिजिटल टैक्स कलेक्शन की ओर बढ़ रहा मटंग, पंचायत में मिल रहीं कई ऑनलाइन सुविधाएं : अमित हिरवानी
पाटन। जनपद पंचायत पाटन अंतर्गत ग्राम पंचायत मटंग डिजिटल सुविधाओं की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। पंचायत द्वारा ग्रामीणों की सुविधा और टैक्स कलेक्शन में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से क्यूआर कोड की सुविधा शुरू की गई है। इसके माध्यम से ग्रामीण अपना पंचायत टैक्स सीधे पंचायत के खाते में जमा कर सकेंगे।
इसके साथ ही ग्राम पंचायत में अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का भी संचालन किया जा रहा है। इससे ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय एवं डिजिटल सेवाओं के लिए दूर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। पंचायत में ही ग्रामीणों और मजदूरों के लिए अपने बैंक खाते से राशि निकालने एवं जमा करने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
इसके अलावा जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, अविवादित बंटवारा, नामांतरण सहित विभिन्न शासकीय सेवाओं से संबंधित सुविधाएं भी पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
ग्राम पंचायत मटंग के सरपंच अमित हिरवानी ने कहा कि पंचायत ग्रामीणों की सेवा के लिए लगातार तत्पर है। डिजिटल टैक्स कलेक्शन से पंचायत के राजस्व संग्रहण में पारदर्शिता आएगी और ग्रामीणों को भी भुगतान की सुविधा आसान होगी। पंचायत क्षेत्र में होने वाले कार्यों को पंचायत की निगरानी में रखा जाता है, ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सरपंच हिरवानी ने कहा कि पंचायत का लक्ष्य मटंग को वूमेन फ्रेंडली पंचायत बनाना और महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान देना है। इसके साथ ही महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। महिलाओं के समूह तैयार किए जा रहे हैं, ताकि वे एफपीओ (FPO) के माध्यम से स्वयं का व्यवसाय शुरू कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।साथ ही वी बी जी राम जी योजना के माध्यम से रोजगार के अवसर मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि डिजिटल सुविधाओं के विस्तार के साथ पंचायत का प्रयास है कि शासन की योजनाओं और जरूरी सेवाओं का लाभ ग्रामीणों को गांव में ही सरलता से मिल सके।



