जिला स्तरीय पठनवीर प्रतियोगिता में पाटन के बच्चों ने लहराया परचम, हासिल किया प्रथम स्थान

पाटन। जिला स्तरीय पठनवीर प्रतियोगिता 2026 का आयोजन जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), अछोटी, दुर्ग में किया गया। प्रतियोगिता में पाटन विकासखंड के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न विधाओं में स्थान हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विकासखंड में हर्ष का माहौल है।
विभिन्न विधाओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
प्रतियोगिता के अंतर्गत स्टोरी टेलिंग, क्विज एवं स्पीड रीडिंग जैसी विधाओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों ने अपनी भाषा दक्षता, अभिव्यक्ति कौशल, सामान्य ज्ञान और पठन क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में पाटन विकासखंड के विजेता प्रतिभागी इस प्रकार रहे—
- स्टोरी टेलिंग: प्रथम स्थान रुद्रांश निषाद, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला मोरिद। द्वितीय स्थान कुमारी रितिका, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कुगदा।
- क्विज: द्वितीय स्थान कुमारी चंचला, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला खुड़मूड़ी तथा कुमारी शैल देवी, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला फेकारी।
- स्पीड रीडिंग: प्रथम स्थान कुमारी कुमकुम, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला फेकारी।
बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
अतिथियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी श्री बिसरा राम यादव रहे, जबकि अध्यक्षता डाइट अछोटी के प्राचार्य ने की। कार्यक्रम में एससीईआरटी (SCERT) से आए गणमान्य सदस्य, एपीसी दुर्ग तथा डाइट के प्रोफेसर एवं व्याख्यातागण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती आकांक्षा अग्रवाल, बीआरसी गुनेश्वर प्रसाद वर्मा, सीएससी श्री हरिशंकर देवांगन, नितेश कुमार साहू, श्रीमती इंदु सोनकर, श्रीमती प्रज्ञा गुप्ता एवं श्रीमती मीना सैयाम सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पठन संस्कृति को बढ़ावा देने में सहायक है प्रतियोगिता
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग के प्रतिनिधियों ने कहा कि पठनवीर जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में पढ़ने की रुचि विकसित करने, भाषा कौशल को मजबूत बनाने और आत्मविश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसी गतिविधियों से शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के साथ बच्चों की छिपी प्रतिभा को भी निखारने का अवसर मिलता है।
बीईओ डालेंद्र देवांगन ने दी बधाई
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में पाटन विकासखंड के विद्यार्थियों की सफलता को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया गया। जिला शिक्षा अधिकारी, दुर्ग ने भी पाटन विकासखंड के प्रदर्शन की सराहना की।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी डालेंद्र देवांगन ने इस उपलब्धि पर बीआरसी गुनेश्वर प्रसाद वर्मा, सभी संकुल समन्वयकों, शिक्षकों और प्रतिभावान विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बच्चों की यह सफलता और प्राप्त स्थान भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरणा का कार्य करेंगे।
पाटन विकासखंड के विद्यार्थियों की इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित किया है कि उचित मार्गदर्शन, शिक्षकों के सहयोग और विद्यार्थियों के परिश्रम से सफलता के नए आयाम स्थापित किए जा सकते हैं।



