पाहंदा (अ) में भव्य आतिशबाजी के साथ मनेगा विजयादशमी उत्सव, रामलीला के बाद होगा विशाल रावण का पुतला दहन

अमलेश्वर/पाहंदा (अ)। ग्राम पाहंदा (अ) में सार्वजनिक दशहरा उत्सव समिति के तत्वावधान में विजयादशमी का पर्व हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। गांव के हृदय स्थल बाजार चौक में आयोजित इस भव्य उत्सव को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन में रामलीला की मनमोहक प्रस्तुति के साथ विशाल रावण का पुतला दहन और आकर्षक आतिशबाजी मुख्य आकर्षण रहेंगे।
आयोजक समिति के सदस्यों ने बताया कि कार्यक्रम में जागृति बाल लीला मंडली पेंड्री, गुंडरदेही द्वारा भगवान श्रीराम के जीवन पर आधारित भव्य रामलीला का मंचन किया जाएगा। रामलीला की प्रस्तुति के पश्चात विशाल रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इस दौरान होने वाली आकर्षक आतिशबाजी से उत्सव का उल्लास और बढ़ेगा। आयोजन को लेकर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
युवाओं की सहभागिता से हो रही तैयारियां
विजयादशमी उत्सव को सफल बनाने के लिए युवा नेता सुरेंद्र साहू, प्रकाश यदु, भारत वर्मा सहित उपसरपंच द्वारिका वर्मा, कृष्णा साहू, पवन यदु, धनेश साहू, धर्मेंद्र यदु, हेमंत यदु, झग्गर ठाकुर, राजा निषाद, नंदू गेंडे, विकास साहू और सुनील साहू सहित अन्य लोग तैयारियों में जुटे हुए हैं।
समिति द्वारा गांव में उत्सव को भव्य और यादगार बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। रामलीला, रावण दहन और आतिशबाजी के माध्यम से विजयादशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत के संदेश के साथ मनाया जाएगा।



