कौही के भाटापारा स्कूल के आसपास आवारा कुत्तों का जमावड़ा, बच्चों की सुरक्षा पर मंडराया खतरा

रानीतराई। पाटन ब्लॉक अंतर्गत आदर्श ग्राम कौही के भाटापारा स्थित स्कूल के आसपास आवारा कुत्तों के झुंड की बढ़ती मौजूदगी से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। स्कूल आने-जाने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावक आशंकित हैं। वहीं, गांव की सड़कों और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में घूम रहे आवारा कुत्तों के कारण राहगीरों, युवाओं और बुजुर्गों में भी भय का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव में जगह-जगह आवारा कुत्तों के झुंड दिखाई दे रहे हैं। विशेषकर स्कूल के आसपास इनकी मौजूदगी बच्चों के लिए खतरे का कारण बन सकती है। ऐसे में अभिभावकों को बच्चों की सुरक्षा की चिंता सता रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया, तो भविष्य में कोई अप्रिय घटना घट सकती है।
रानीतराई सहित आसपास के गांवों में भी बढ़ती समस्या
आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या केवल कौही तक सीमित नहीं है, बल्कि रानीतराई सहित आसपास के अन्य गांवों में भी यह समस्या चिंता का विषय बनती जा रही है। ग्रामीणों ने संबंधित प्रशासन से मांग की है कि स्थिति का गंभीरता से संज्ञान लेकर आवारा कुत्तों के उचित प्रबंधन और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस समस्या को लेकर कब तक सक्रियता दिखाता है और स्कूली बच्चों सहित आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्या पहल करता है।



