जवाहर नवोदय विद्यालय (सत्र 2026-27) कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु आवेदन के लिए विशेष कार्यशाला एवं पहल

पाटन : विकासखंड शिक्षा अधिकारी पाटन, जिला दुर्ग (छ.ग.) के द्वारा 23 जुलाई 2025 को समस्त क्षेत्रवासियों, अभिभावकों एवं छात्रों को सूचित किया जाता है कि नवोदय विद्यालय समिति द्वारा सत्र 2026-27 के लिए जवाहर नवोदय विद्यालयों में कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु चयन परीक्षा की अधिसूचना जारी कर दी गई है। यह ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण निःशुल्क आवासीय शिक्षा प्राप्त करने का एक सुनहरा अवसर है।
पाटन विकासखंड से अधिक से अधिक प्रतिभाशाली बच्चों का चयन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से, विकासखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा एक विशेष पहल की जा रही है। इसी कड़ी में आज दिनांक 23 जुलाई 2025 को शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला, पाटन में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में विकासखंड के समस्त प्राथमिक शालाओं के प्रधान पाठक एवं कक्षा 5वीं के शिक्षक उपस्थित रहे।
कार्यशाला को प्राचार्य, नवोदय विद्यालय बोरई एवं उनके सहयोगी अधिकारी द्वारा विशेष रूप से संबोधित कर मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इस अवसर पर जेएनवी प्रवेश परीक्षा के विकासखंड नोडल अधिकारी रोशन देशमुख भी उपस्थित रहे। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को प्रवेश प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देना था ताकि वे अपने विद्यालय के सभी पात्र छात्र-छात्राओं का शत-प्रतिशत ऑनलाइन आवेदन सफलतापूर्वक सुनिश्चित कर सकें।
नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा 2026-27 से संबंधित एकीकृत जानकारी:
1. नवोदय विद्यालय की प्रमुख विशेषताएँ:
जिले में सह-शैक्षिक आवासीय विद्यालय जहाँ शिक्षा, आवास, भोजन एवं पुस्तकें पूर्णतः निःशुल्क हैं।
उत्कृष्ट अकादमिक परिणामों के साथ-साथ खेलकूद, NCC और स्काउट्स-गाइड्स जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाता है।
2. प्रवेश हेतु पात्रता:
उम्मीदवार दुर्ग जिले का वास्तविक निवासी हो तथा शैक्षणिक सत्र 2025-26 में जिले के किसी भी सरकारी या मान्यता प्राप्त स्कूल में कक्षा 5वीं में अध्ययनरत हो।
उम्मीदवार का जन्म 01 मई 2014 से 31 जुलाई 2016 (दोनों तिथियाँ शामिल) के बीच हुआ हो।
उम्मीदवार ने कक्षा तीसरी और चौथी की पढ़ाई भी सरकारी/मान्यता प्राप्त स्कूल से पूरी की हो।
3. आरक्षण:
जिले की कम से कम 75% सीटें ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए आरक्षित हैं।
न्यूनतम एक-तिहाई (1/3) सीटें छात्राओं (लड़कियों) के लिए आरक्षित हैं।
शासकीय नियमानुसार अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) एवं दिव्यांग विद्यार्थियों को आरक्षण का लाभ दिया जाएगा।
4. महत्वपूर्ण तिथियाँ:
ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि: 29 जुलाई 2025
चयन परीक्षा की तिथि:
13 दिसंबर 2025 (ग्रीष्मकालीन जेएनवी हेतु)
11 अप्रैल 2026 (शीतकालीन जेएनवी हेतु)
5. आवेदन एवं तैयारी हेतु विशेष निर्देश:
आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से वेबसाइट https://navodaya.gov.in पर किया जाना है।
आवश्यक दस्तावेज: ऑनलाइन पंजीयन के लिए जाति प्रमाण पत्र एवं अपार ID की आवश्यकता नहीं है, परन्तु “स्टडी सर्टिफिकेट” को ऑनलाइन अपलोड करना अनिवार्य है। ध्यान दें कि प्रवेश के समय जाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
त्रुटि सुधार: ऑनलाइन फॉर्म में किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर, आवेदन की अंतिम तिथि के दो दिन बाद तक करेक्शन के लिए पोर्टल पर अवसर प्रदान किया जाएगा।
परीक्षा की तैयारी: विकासखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा सभी शिक्षकों को निर्देशित किया गया है कि वे शाला स्तर पर बच्चों की तैयारी करवाएं। इसके अतिरिक्त, मार्गदर्शन के लिए एक व्हाट्सएप्प ग्रुप बनाकर जानकारी साझा करने तथा यूट्यूब जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी बच्चों को तैयारी करवाने के लिए प्रोत्साहित किया गया है।
हमारा लक्ष्य है कि पाटन विकासखंड का कोई भी पात्र विद्यार्थी इस अवसर से वंचित न रहे।






