BEO धमधा की पहल -एक्सपोज़र विजिट के तहत शासकीय प्राथमिक शाला परसकोल में हुयी विभागीय समीक्षा बैठक

धमधा। आदर्श शासकीय प्राथमिक शाला परसकोल संकुल केन्द्र रौन्दा विकास खंड धमधा में समस्त संकुल समन्वयकों का विकास खंड स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित किया गया, जिसमें विकास खंड शिक्षा अधिकारी अथर्व शर्मा , सहायक विकास खंड शिक्षा अधिकारी कैलाश साहू एवं विकास खंड स्रोत समन्वयक श्री केशव पटेल उपस्थित रहे ।
बैठक में त्रैमासिक परीक्षा परिणाम,vsk app में शिक्षकों की उपस्थिति, स्मार्ट क्लास,छात्रवृत्ति योजना,शाला भवन की मूलभूत सुविधा, धारा प्रवाह पठन एवं पहाड़ा, मध्यान्ह भोजन योजना एवं अन्य विभागीय योजना की समीक्षा की गयी।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी धमधा अथर्व शर्मा ने बताया कि शासकीय प्राथमिक शाला परसकोल में विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य सभी समन्वयकों को एक्सपोजर विजिट के तहत आदर्श शासकीय शाला की अवधारणा को स्पष्ट करना था ताकि सभी समन्वयक इसी विद्यालय के तर्ज पर अपने-अपने संकुल में कम से कम एक प्राथमिक और माध्यमिक शाला को आदर्श रूप में विकसित कर सके।
विदित हो कि परसकोल शाला परिसर में स्वच्छ एवं हरित वातावरण, आकर्षक बागवानी, प्रिंट रिच क्लास वॉल, स्मार्ट क्लास, पूरे शाला परिसर पर लगे सीसीटीवी कैमरे एवं अध्यापन के अनोखे प्रयोग के कारण इस शाला के प्रधान पाठक चित्रेण पटेल को मुख्यमंत्री गौरव अलंकरण के तहत उत्कृष्ट प्रधान पाठक के पुरस्कार से सम्मानित किया गया ।
प्रधान पाठक चित्रण पटेल ने बताया कि शाला को इस आदर्श रूप में विकसित करने में ग्राम पंचायत, शाला प्रबंधन समिति, ग्रामीणजन, पालकगण के शाला के शिक्षक लोकेश कुमार बर्मन व योगेश कुमार पटेल व सफाई कर्मचारी, रसोइया व स्कूली बच्चों का बहुत सहयोग रहा है।



