पूर्व छात्र छात्रा सम्मेलन, घुघुवा विद्यालय के इतिहास में दर्ज शनिवार 25 अक्टूबर 2025
दुर्ग। जिला के पाटन विकासखंड अंतर्गत शासकीय उच्च एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ग्राम घुघुवा क के पूर्व छात्र छात्राओं और पूर्व शिक्षकों का मिलन समारोह शनिवार 25 अक्टूबर 2025 को आयोजित किया गया, प्रातः 9:00 बजे से विद्यालय में पूर्व शिक्षक एवं पूर्व छात्र-छात्राओं की उपस्थिति में सरस्वती पूजन किया गया, प्रार्थना स्थल में पूर्व की भांति सभी छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक राष्ट्रगान किए, पूर्व शिक्षकों द्वारा लगभग 20 वर्ष पूर्व अध्यनरत और वर्तमान में विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत पूर्व छात्र-छात्राओं को उनके क्लास रूम में बैठाकर क्लास लेते हुए पूर्व के दिनों को याद किया गया, फोटोग्राफी के माध्यम से इस सुनहरे पल को सुरक्षित किया गया।
तत्पश्चात आगे का कार्यक्रम “दौलत वाटिका” करगा(गभरा) रिसोर्ट में संपन्न हुआ, यहां पूर्व छात्र-छात्राओं द्वारा शिक्षकों का स्वागत अभिनंदन किया गया, स्वर्गवासी शिक्षक व छात्रों को मौन श्रद्धांजलि अर्पित किया गया। मंचीय कार्यक्रम के माध्यम से सभी पूर्व छात्र-छात्राओं ने अपना परिचय दिया, तत्पश्चात सभी पूर्व शिक्षकों ने आशीर्वचन प्रदान किया। पूर्व शिक्षकों से पुनः मिलकर सभी छात्र-छात्राओं ने अपने पुराने स्कूली दिन को याद किया शिक्षकों द्वारा अपने उद्बोधन में निर्धनता और ग्रामीण परिवेश में पलने बढ़ने के साथ ही साथ ईमानदारी, संस्कार, उचित मेहनत से प्राप्त ज्ञान और सफलता का महत्व बताया गया, बच्चों के पुरानी से पुरानी यादों को पुनर्जीवित किया गया, पूर्व छात्र छात्राओ ने बताया इससे हम सभी में अत्यंत प्रसन्नता का संचार हुआ, जीवन जीने हेतु सदा के लिए एक नई ऊर्जा की प्राप्ति हुई, प्राप्त खुशियों को शब्दों की सीमा में बांधना संभव नहीं, आयोजन निश्चित ही सकारात्मक और प्रेरणादायक रहा, सभी वरिष्ठों से प्राप्त स्नेह और कनिष्ठों से प्राप्त सम्मान से हृदय गदगद हो उठा, वास्तव में सच्चे संबंधों के सामने अन्य सभी सुख नगण्य होते हैं।



अंत में पूर्व शिक्षकों को भगवान राम का विशेष फोटोग्राफ, साल श्रीफल एवं पौधा सम्मान स्वरूप भेंट कर आभार व्यक्त किया गया, फिर सभी ने साथ में भोजन किया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से विद्यालय के पूर्व प्राचार्या किरण बाला वर्मा मैडम, बुलबुल दास जी, सुषमा परगनिया जी, चेलाराम नायक जी, रघुनाथ साहू जी, अनीता चंद्राकर जी एवं अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।



