अमलेश्वरकुम्हारीखेती किसानी के गोठचरौदाछत्तीसगढ़जामगांव आरदुर्ग भिलाईदेश दुनियाधमतरीपाटनबालोदबिलासपुरभिलाई 3राजनांदगांवरानीतराईरायपुरसेलूद

हरेली महोत्सव में शामिल हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नव निर्मित कलामंच का किया लोकार्पण

अमलेश्वर। जनपद पंचायत पाटन अंतर्गत ग्राम पंचायत उफरा में क्रिकेट मैदान पर हरेली महोत्सव का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल प्रमुख रूप से शामिल हुए। उन्होंने नव निर्मित कलामंच का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत उफरा की सरपंच श्रीमती गायत्री गजेंद्र साहू सहित पंचों ने श्री बघेल का आत्मीय स्वागत किया। ग्रामीणों ने भी पारंपरिक ढंग से उनका अभिनंदन किया। स्वागत भाषण देते हुए सरपंच श्रीमती गायत्री साहू ने कहा कि कलामंच के निर्माण से खिलाड़ियों एवं ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने बाबा कुटी उफरा में सामुदायिक भवन ज्योति कलश तथा सीसी रोड निर्माण की मांग भी रखी।

सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सभी क्षेत्रवासियों को हरेली तिहार की बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेती-किसानी का समय है, लेकिन किसानों को खाद नहीं मिल पा रहा है और बिजली बिल बढ़ने से आम लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय बिजली बिल हाफ योजना का लाभ लोगों को मिलता था, जबकि अब बिल लगातार बढ़ रहे हैं।

श्री बघेल ने कहा कि भाजपा की साय सरकार में गांवों में भी टैक्स लगाया जा रहा है और मनरेगा में लोगों को पर्याप्त काम नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने छत्तीसगढ़ के पारंपरिक त्योहारों पर अवकाश की घोषणा की थी, लेकिन वर्तमान सरकार में ऐसी परंपराओं की उपेक्षा हो रही है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के बावजूद विकास कार्य दिखाई नहीं दे रहे हैं।

अपने संबोधन में श्री बघेल ने अयोध्या राम मंदिर से जुड़े चंदा घोटाले के आरोपों का भी उल्लेख किया। साथ ही उन्होंने ग्राम उफरा में सीसी रोड निर्माण की घोषणा की।

कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत सभापति मोनू साहू, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मोहन साहू, मंडल अध्यक्ष हितेंद्र पटेल, धर्मेंद्र साहू, अमृत सिंह राजपूत, अंशु रजक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन युगल किशोर साहू ने किया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!