परसदा में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया छत्तीसगढ़ का प्रथम तिहार हरेली महोत्सव, वृक्षारोपण व नशा मुक्ति का दिया संदेश

कुम्हारी। नगर पालिका परिषद कुम्हारी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परसदा में ग्राम विकास समिति के तत्वावधान में छत्तीसगढ़ के प्रथम तिहार हरेली महोत्सव का आयोजन बड़े उत्साह एवं उमंग के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर ग्रामवासियों ने अपनी लोक संस्कृति, परंपरा तथा प्रकृति संरक्षण के प्रति प्रेम और जागरूकता का सुंदर परिचय दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी की आरती से हुआ। इसके पश्चात गली भ्रमण (रैली), वृक्षारोपण कार्यक्रम एवं स्कूली बच्चों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। ग्रामीण महिलाओं के लिए सुरीली कुर्सी दौड़, फुगड़ी, रस्साकशी एवं विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी बच्चों को पुरस्कार तथा महिलाओं को प्रशस्ति प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।



कार्यक्रम के दौरान हरेली का संदेश देते हुए आयोजकों ने कहा कि “पेड़ लगाएं, हरियाली बढ़ाएं, गांव को स्वच्छ एवं खुशहाल बनाएं।” इसी भावना के साथ गांव में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण कर नशा मुक्ति का संकल्प भी लिया गया।
इस अवसर पर ग्राम के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान किया गया। साथ ही नशा मुक्ति जनजागरण अभियान के माध्यम से युवाओं एवं ग्रामीणों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ, सुरक्षित और जागरूक समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में रोटरी क्लब रायपुर के समस्त पदाधिकारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में युजेन्द्र साहू एवं डिकेन्द्र साहू शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता भुजबल प्रसाद साहू, अध्यक्ष ग्राम विकास समिति परसदा ने की। इस अवसर पर पुणेंद्र कुमार पंथ (सचिव), रतनलाल साहू (कोषाध्यक्ष) सहित ग्राम विकास समिति के सभी सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। मंच संचालन मोहित शर्मा, शिक्षक द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर ग्राम विकास समिति परसदा ने आयोजन को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी ग्रामवासियों, जनप्रतिनिधियों, विद्यालय परिवार, माताओं-बहनों, युवाओं, बच्चों एवं सहयोगियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
हमारी संस्कृति — हमारा गौरव हमारी हरियाली — हमारा भविष्य नशामुक्त गांव — खुशहाल गांव



