गणेश पंडालों से कर/शुल्क वसूली के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सौंपा ज्ञापन
कुम्हारी। श्री गणेश उत्सव के अवसर पर नगर पालिका परिषद कुम्हारी द्वारा गणेश पंडालों से कर/शुल्क वसूली किए जाने के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुम्हारी ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन की प्रतिलिपि कलेक्टर दुर्ग एवं नगर पालिका अध्यक्ष कुम्हारी को भी प्रेषित की गई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि कुम्हारी नगर में प्रतिवर्ष श्रद्धा एवं उत्साह के साथ श्री गणेश उत्सव मनाया जाता है। नगर के विभिन्न वार्डों एवं मोहल्लों में गणेश उत्सव समितियों द्वारा पंडाल लगाकर भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। ऐसे में गणेश उत्सव के लिए लगाए जाने वाले पंडालों से नगर पालिका परिषद द्वारा कर/शुल्क वसूली किए जाने का विरोध किया जा रहा है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने कहा कि गणेश उत्सव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि करोड़ों हिंदू श्रद्धालुओं की आस्था, श्रद्धा एवं धार्मिक भावना से जुड़ा पर्व है। ऐसे धार्मिक आयोजनों में समितियों एवं श्रद्धालुओं पर अतिरिक्त आर्थिक भार डालना उचित नहीं है।
ज्ञापन में नगर पालिका परिषद से मांग की गई है कि गणेश पंडालों से किसी भी प्रकार की अनावश्यक कर अथवा शुल्क वसूली तत्काल समाप्त की जाए तथा गणेश उत्सव समितियों को राहत प्रदान की जाए।
ज्ञापन में प्रमुख मांगें
धार्मिक आयोजनों को अनावश्यक आर्थिक भार से मुक्त रखा जाए।
गणेश पंडालों से कर/शुल्क वसूली तत्काल बंद की जाए।
गणेश उत्सव समितियों को अनुमति एवं अन्य प्रक्रियाओं में अनावश्यक परेशानी न दी जाए।
गणेश उत्सव के सफल आयोजन के लिए नगर पालिका प्रशासन द्वारा समितियों को आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए।
श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए कर/शुल्क वसूली निरस्त करने का तत्काल निर्णय लिया जाए।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने नगर पालिका प्रशासन से उक्त मांगों पर तत्काल उचित निर्णय लेने की अपील की है। ज्ञापन समस्त गणेश पंडाल समिति, कुम्हारी पालिका क्षेत्र की ओर से सौंपा गया है।
मौके पर मनहरण यादव, देवा साहू , रामकुमार चक्रधारी, प्रमोद सिंह राजपूत, लेखराम साहू, किशोर सोनकर, बॉबी यादव, देवल सिंह, नितेश सोनी, घनश्याम सिन्हा, रवि साहू, दुर्गा राव, बिट्टू साहू, सौरभ सिंह, मुकेश सिन्हा, ओम निषाद, तुषार यादव, हर्ष यादव, विजय वर्मा, सुनील शुक्ला, दिलीप चौधरी,v गणेश समिति के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे
उक्त जानकारी मीडिया को पार्षद लेख राम साहू ने शेयर किया है।






