राशन दुकान नियमित नहीं खुलने से परसदा में लगी लंबी कतार, अभी सिर्फ एंट्री ,हितग्राहियों में नाराजगी

कुम्हारी। नगर पालिका परिषद कुम्हारी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परसदा स्थित शासकीय राशन दुकान में राशन लेने के लिए हितग्राहियों की लंबी कतार लगी हुई है। दुकान में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ होने से ग्रामीणों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि राशन दुकान नियमित रूप से नहीं खुलने के कारण माह के अंतिम दिनों में इस तरह की स्थिति निर्मित हुई है।
बताया गया कि ग्राम परसदा के वार्ड क्रमांक 13 एवं 16 के राशन कार्डधारी इसी शासकीय उचित मूल्य की दुकान से राशन प्राप्त करते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि दुकान समय पर और नियमित रूप से नहीं खुलने के कारण बड़ी संख्या में हितग्राही एक साथ राशन लेने पहुंच रहे हैं।
हितग्राहियों की एक और शिकायत है कि उन्हें पूरा राशन एक साथ उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार चावल तो मिल जाता है, लेकिन नमक और शक्कर के लिए दोबारा दुकान के चक्कर लगाने पड़ते हैं। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सितंबर माह समाप्त होने में अब केवल दो दिन शेष हैं और राशन दुकान के सामने हितग्राहियों की लंबी कतार देखी जा रही है। दुकान संचालक की कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। वहीं, इस मामले में जिम्मेदार अधिकारी अब तक मौन नजर आ रहे हैं।
ग्रामीणों ने मांग की है कि शासकीय राशन दुकान के संचालन की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा हितग्राहियों को शासन द्वारा निर्धारित मात्रा में चावल, नमक, शक्कर सहित अन्य राशन सामग्री समय पर उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें बार-बार दुकान के चक्कर न लगाने पड़ें।
वर्जन: निरीक्षण कर जांच करवाता हूं, एसडीएम भिलाई तीन



