महकाखुर्द में राष्ट्रीय पोषण माह के तहत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित

पाटन। राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत ग्राम पंचायत महकाखुर्द में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत सरपंच सुश्री अर्चना यादव ने की। कार्यक्रम में महिला मोर्चा महामंत्री ईश्वरी शर्मा, पंच प्रवीण यादव, सुनीति ठाकुर एवं सरस्वती वर्मा अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सरपंच अर्चना यादव ने कहा कि बच्चों को अच्छे संस्कार देना माता-पिता का महत्वपूर्ण दायित्व है। बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और विकास के लिए संतुलित एवं पौष्टिक खानपान पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है।
इस अवसर पर पौष्टिक थाली एवं स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। वहीं गर्भवती महिलाओं का गर्भ संस्कार कार्यक्रम भी कराया गया। बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना दिया।
कार्यक्रम के अंत में सेक्टर पर्यवेक्षक संध्या सिंह ने महिला एवं बाल विकास विभाग तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सहभागिता की। प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागियों एवं उपस्थित महिलाओं को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया।



