सरपंच के नाम से फर्जी सील बनवाने का मामला, अमलेश्वर थाने पहुंची शिकायत, पाटन जनपद के इस गांव का है मामला
अमलेश्वर। अमलेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत खमरिया की सरपंच के नाम से कथित तौर पर फर्जी सील बनवाकर इस्तेमाल किए जाने का मामला सामने आया है। मामले की जानकारी मिलने के बाद सरपंच श्रीमती सोनिया थानेश्वर यदु ने इसकी शिकायत अमलेश्वर थाने में की है।
जानकारी के अनुसार, सरपंच के नाम और पद से संबंधित एक सील किसी व्यक्ति द्वारा बनवाए जाने की बात सामने आई है। मामले का खुलासा उस समय हुआ, जब सील बनाने वाले दुकानदार ने स्वयं सरपंच को फोन कर पूछा कि क्या उन्होंने अपने नाम की सील बनवाई है। सरपंच द्वारा सील बनवाने से इनकार करने पर मामले को लेकर संदेह गहरा गया।
बताया जा रहा है कि दुकानदार ने सील बनवाने वाले व्यक्ति को सील सौंप दी थी और उसके बाद सरपंच को फोन कर इसकी जानकारी दी। इसके बाद सरपंच ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस से शिकायत की है।
अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि सरपंच के नाम से कथित फर्जी सील किसने बनवाई, इसका उद्देश्य क्या था और इसका कहीं शासकीय अथवा अन्य दस्तावेजों में इस्तेमाल किया गया है या नहीं। फिलहाल मामला अमलेश्वर पुलिस की जांच में है।



