सेवा संकल्प अभियान के बीच वार्ड 17 भोथली का सार्वजनिक शौचालय बदहाल, सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल

अमलेश्वर। सेवा संकल्प अभियान के तहत शासन-प्रशासन द्वारा स्वच्छता को लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। नगर के चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता का संदेश दिया जा रहा है, लेकिन नगर पालिका परिषद अमलेश्वर के वार्ड क्रमांक 17 भोथली में सार्वजनिक शौचालय की स्थिति इन दावों पर सवाल खड़े कर रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सार्वजनिक शौचालय के आसपास गंदगी और कचरा पसरा हुआ है। नियमित साफ-सफाई नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नागरिकों का कहना है कि एक ओर स्वच्छता और सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर सार्वजनिक उपयोग के शौचालयों की साफ-सफाई और रखरखाव पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
नगरवासियों ने सफाई व्यवस्था की निगरानी करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों एवं सफाई सुपरवाइजर की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सार्वजनिक शौचालय जैसी मूलभूत सुविधा की नियमित सफाई सुनिश्चित करना नगर पालिका की जिम्मेदारी है। इसके बावजूद लंबे समय से अव्यवस्था बनी हुई है।
गौरतलब है कि करीब 15 दिन पहले नगर में मूलभूत सुविधाओं और साफ-सफाई की व्यवस्था को लेकर आंदोलन कर रहे कांग्रेस नेताओं और नगर प्रशासन के बीच चर्चा के बाद आंदोलन समाप्त किया गया था। नागरिकों का कहना है कि इसके बावजूद नगर की सफाई व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नजर नहीं आ रहा है।
वार्डवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि वार्ड क्रमांक 17 भोथली के सार्वजनिक शौचालय की तत्काल सफाई कराकर नियमित रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही नगर के अन्य सार्वजनिक स्थलों का भी निरीक्षण कर स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त की जाए, ताकि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य धरातल पर दिखाई दे सके।



