राशन कार्ड हितग्राही परेशान, तीन महीने से लगा रहे जनपद पंचायत के चक्कर

पाटन। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सेवा सेतु एवं सेवा संकल्प अभियान के बीच राशन कार्ड हितग्राहियों की समस्याएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। जनपद पंचायत पाटन में राशन कार्ड से जुड़ी समस्याओं के निराकरण के लिए पहुंच रहे हितग्राहियों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि पीडीएफ जारी होने के बाद भी कुछ हितग्राहियों को राशन नहीं मिल पा रहा है। वहीं, नए राशन कार्ड बनवाने और पुराने राशन कार्ड में नाम जुड़वाने या कटवाने की प्रक्रिया भी अटकी हुई है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले करीब तीन महीनों से कई हितग्राही अपने राशन कार्ड से जुड़ी समस्याओं को लेकर इधर-उधर भटक रहे हैं। किसी हितग्राही के राशन कार्ड से नाम काटे जाने की शिकायत है, तो किसी का नाम जुड़ नहीं पा रहा है। वहीं, कुछ मामलों में नाम कटने या जुड़ने की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही है। नए राशन कार्ड के लिए आवेदन करने वाले लोग भी परेशान हैं।
अपनी समस्याओं के निराकरण की उम्मीद लेकर हितग्राही ग्राम पंचायत से लेकर जनपद पंचायत तक पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें अब तक राहत नहीं मिल पा रही है। ग्राम पंचायत स्तर पर सचिव हितग्राहियों को जनपद पंचायत जाने की सलाह देते हैं, जबकि जनपद पंचायत में संबंधित शाखा से उन्हें पोर्टल बंद होने की जानकारी देकर वापस भेज दिया जाता है। हालांकि की सेवा सेतु से कई लोगो की समस्याओं का हल हो रही है।



