सेवा संकल्प अभियान के तहत खिलौना दान की सराहनीय पहल, मटंग के छह आंगनबाड़ी केंद्रों को मिली खेल सामग्री
पाटन। यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग, परियोजना पाटन द्वारा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए जनसमुदाय की सहभागिता से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बच्चों के मानसिक, शारीरिक एवं बौद्धिक विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘खिलौना दान’ की सराहनीय परंपरा का शुभारंभ किया गया है। इसके माध्यम से आम नागरिकों को आंगनबाड़ी के बच्चों के लिए नए एवं पुराने खिलौने दान करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इसी पहल के तहत ग्राम पंचायत मटंग में सरपंच अमित हिरवानी, उनकी पत्नी श्रीमती सुलोचना हिरवानी एवं पूर्व मंडी अध्यक्ष पोशुराम निर्मलकर ने पंचायत क्षेत्र में संचालित छह आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों के लिए खेल सामग्री प्रदान की। इसमें 30 सॉफ्ट टॉय के साथ सभी छह केंद्रों के लिए 12-12 अल्फाबेट सेट, नंबर सेट, किचन सेट, रिंग सेट तथा बैट-बॉल सेट भेंट किए गए।
कार्यक्रम में पूर्व मंडी अध्यक्ष पोशुराम निर्मलकर, फेकारी सरपंच योगेन्द्र साहू सहित अन्य लोग शामिल हुए।
खिलौने एवं खेल सामग्री मिलने से आंगनबाड़ी केंद्रों में आने वाले बच्चों को खेल-खेल में सीखने, अक्षरों और अंकों की पहचान करने तथा विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा विकसित करने का अवसर मिलेगा। यह पहल बच्चों के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों को अधिक रोचक एवं आनंददायक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर सभी छह आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों के लिए ‘न्यौता भोज’ का भी आयोजन किया गया। इसमें बच्चों को फल, मिठाई, खीर और पूरी परोसी गई। बच्चों ने स्वादिष्ट भोजन का आनंद लिया और आयोजन के माध्यम से सामुदायिक सहभागिता एवं बच्चों के प्रति स्नेह का संदेश दिया गया।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित यह पहल समाज के लोगों को बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहभागी बनने के लिए प्रेरित करती है। खिलौना दान और न्यौता भोज जैसे कार्यक्रमों से आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के साथ समाज में सहयोग, सेवा और संवेदनशीलता की भावना को भी बढ़ावा मिलता है। उक्त जानकारी महिला बाल विकास विभाग परियोजना पाटन द्वारा शेयर गया।



