बड़ी खबर: गुप्त चेंबर वाले पिकअप से 4 करोड़ रुपये की नकदी बरामद, खुर्सीपार पुलिस की कार्रवाई

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में खुर्सीपार पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 4 करोड़ रुपये की नकदी बरामद की है। वाहन के पिछले हिस्से में विशेष गुप्त चेंबर बनाकर नकदी छिपाई गई थी। पुलिस ने वाहन में सवार दो व्यक्तियों को हिरासत में लेकर रकम के स्रोत, स्वामित्व और परिवहन के उद्देश्य के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है।
गुप्त चेंबर में छिपाकर रखी गई थी नकदी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर को सूचना के आधार पर डबरापारा, थाना खुर्सीपार क्षेत्र में रात करीब 11 बजे सफेद रंग के बोलेरो मैक्स पिकअप (क्रमांक CG 04 QU 5996) को रोककर तलाशी ली गई। वाहन रायपुर से नागपुर की ओर जा रहा था। जांच के दौरान पिकअप का पिछला हिस्सा मॉडिफाई कर बंद किया हुआ मिला। सघन तलाशी लेने पर उसमें विशेष गुप्त चेंबर का पता चला, जिसे खोलने पर ₹4 करोड़ की भारतीय मुद्रा बरामद हुई।
दो व्यक्तियों से पूछताछ, आयकर विभाग को दी जाएगी सूचना
वाहन में सवार व्यक्तियों की पहचान चालक भवेशभाई जीनाभाई डाभी और विष्णुदेव दुबे के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से बरामद रकम के स्रोत और परिवहन से जुड़े तथ्यों पर पूछताछ कर रही है। मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई जारी है। नकदी के वित्तीय स्रोत की जांच के लिए आयकर विभाग को भी सूचना भेजी जा रही है।
जारीकर्ता: पुलिस कार्यालय, जिला दुर्ग, छत्तीसगढ़।



