ललित बिजौरा ने गौ माता को खिचड़ी खिलाकर किया गोवर्धन पूजा

अमलेश्वर। सनातन परम्परा और प्रकृति पूजा के प्रतीक गोवर्धन पूजा का महापर्व अत्यंत हर्षोल्लास और पारंपरिक श्रद्धा के साथ मनाया गया । छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज के पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय सह प्रवक्ता, छत्तीसगढ़ पर्यावरण मित्र समिति के वरिष्ठ सलाहकार ललित कुमार बिजौरा ने आज 10 नवंबर दिन मंगलवार को अपने गृह ग्राम देमार पाटन में पूरे परिवार के साथ अपने घर आंगन में गाय के पवित्र गोबर से गोवर्धन भगवान (पुतले) की सुंदर आकृति बनाई और विधि विधान से उनका पूजन किया ।
द्वापर युग में भगवान श्री कृष्ण द्वारा इंद्र का मान – मर्दन कर गोवर्धन पर्वत को अपनी कनिष्ठ उंगली पर उठाने की कथा को जीवंत करते हुए आज घरों में पूजा की तैयारियां शुरू की गई तथा घर के मुख्य द्वार , आंगन में गोबर से लेपन कर गोवर्धन जी की आकृति तैयार की गई , गोवर्धन जी के नाभि स्थान पर एक मिट्टी का दीपक जलाकर , दूध , गंगाजल और शहद अर्पित किया गया । श्री ललित कुमार बिजौरा ने बताया कि यह पर्व देवराज इंद्र के घमंड को चूर करने और सत्य की जीत की याद दिलाता है । इस दिन गोवर्धन पर्वत और भगवान श्री कृष्ण को 56 भोग या अन्नकूट का प्रसाद चढ़ाया जाता है जो अन्न और प्रकृति की प्रचुरता के प्रति धन्यवाद कहने की परम्परा है । हिंदू धर्म में गाय को माता और पूजनीय माना गया है , गोबर को पवित्र मानकर गाय व कृषि व्यवस्था के प्रति सम्मान व्यक्त किया जाता है । ललित कुमार बिजौरा ने गोवर्धन पूजा के अवसर पर सामूहिक रूप से समाज के कल्याण , लोगों के उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की है ।






