अमित बघेल के हाथों देवकर नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेश सिहोरे का अनशन समाप्त; जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी में हुए शामिल

बेमेतरा / देवकर: देवकर नगर पंचायत के अध्यक्ष सुरेश सिहोरे पिछले सात दिनों से सीएमओ (CMO) की तानाशाही और मनमानी कार्यशैली के खिलाफ अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठे थे। लगातार सात दिनों से चले आ रहे इस विरोध प्रदर्शन का आखिरकार समापन हो गया।
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के सुप्रीमो अमित बघेल ने अनशन स्थल पर पहुंचकर सुरेश सिहोरे जी को जल पिलाकर उनका अनशन तुड़वाया।
इसके साथ ही, स्थानीय राजनीति में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला। देवकर नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेश सिहोरे ने पारंपरिक राजनीतिक दलों—भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस—का हाथ छोड़कर क्षेत्रीय स्वाभिमान की प्रतीक ‘जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी’ की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने अमित बघेल की उपस्थिति में पार्टी का गमछा धारण कर छत्तीसगढ़िया हितों के लिए संघर्ष करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर बोलते हुए जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के सुप्रीमो अमित बघेल ने कहा कि प्रदेश में प्रशासनिक अधिकारी लगातार जनप्रतिनिधियों और आम जनता के अधिकारों का हनन कर रहे हैं। सुरेश सिहोरे का यह कदम छत्तीसगढ़िया सम्मान और हक की लड़ाई को मजबूती प्रदान करेगा।
इस दौरान जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी और छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना के वरिष्ठ पदाधिकारी, स्थानीय कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।



