पद्मश्री सम्मान प्राप्त कर छत्तीसगढ़ पहुंचीं डॉ. बुधरी ताती का कुम्हारी में भव्य स्वागत, नगर पालिका अध्यक्ष ने किया सम्मानित
कुम्हारी। महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपती मुर्मू के करकमलों से पद्मश्री सम्मान प्राप्त करने के बाद छत्तीसगढ़ पहुंचीं पद्मश्री सम्मानित समाजसेवी डॉ बुधरी ताली ने शनिवार सुबह अपने करीबी भाई एवं कुम्हारी ,दुर्ग स्थित अविनाश सिटी निवासी धरमपाल मिश्रा के निवास पर पहुंचकर स्वल्पाहार ग्रहण किया। इस अवसर पर पूरे परिवार ने उनका आत्मीय स्वागत करते हुए पुष्प भेंट कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान नगर पालिका परिषद कुम्हारी की अध्यक्षा श्रीमती मीना वर्मा ने भी डॉ. बुधरी ताती का साल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया और पद्मश्री सम्मान प्राप्त करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
अध्यक्षा श्रीमती मीना वर्मा ने कहा कि डॉ. बुधरी ताती ने पद्मश्री सम्मान प्राप्त कर न केवल बस्तर, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है। उन्होंने पिछले चार दशकों से जनजातीय एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता तथा समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित भाव से कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि डॉ. बुधरी ताती ने सेवा, संवेदना और समर्पण के माध्यम से हजारों आदिवासी महिलाओं एवं परिवारों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है। यह सम्मान उनके अथक परिश्रम, समाजसेवा और जनकल्याण के प्रति समर्पण का राष्ट्रीय सम्मान है।
श्रीमती वर्मा ने कहा कि प्रदेश की सेवा में उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय एवं प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने पुनः डॉ. बुधरी ताती को पद्मश्री सम्मान प्राप्त होने पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।






