अमलेश्वर में मूलभूत सुविधाओं को लेकर पार्षदों ने नगर पालिका को सौंपा ज्ञापन, 3 दिन में कार्रवाई नहीं होने पर धरना-घेराव की चेतावनी

अमलेश्वर। नगर पालिका परिषद अमलेश्वर में मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर पार्षदों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया है कि 4 जून 2026 को आयोजित सामान्य सभा में उठाए गए विभिन्न मुद्दों पर 2 से 3 दिनों में जवाब देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन आज तक कोई जवाब उपलब्ध नहीं कराया गया है।
ज्ञापन में वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 की आय-व्यय की जानकारी, अवैध प्लॉटिंग एवं अवैध अतिक्रमण का विवरण, बिजली खंभों में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था एवं सुधार, शासकीय मोटर पंपों में नलों की मरम्मत, अमलेश्वर पुल से सांकरा पहुंच मार्ग की स्ट्रीट लाइट चालू करने, विभिन्न कॉलोनियों में बारिश के पानी से होने वाले जलभराव की समस्या का समाधान तथा मुख्य मार्गों से मवेशियों को हटाने जैसी मांगें प्रमुख रूप से शामिल हैं।



पार्षदों ने वर्ष 2026-27 का अनुमानित बजट प्रस्तुत करने की मांग भी की है। ज्ञापन में कहा गया है कि यदि 3 दिनों के भीतर इन मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो नगर पालिका परिषद अमलेश्वर कार्यालय का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन एवं शासन की होगी।
ज्ञापन की प्रतिलिपि कलेक्टर दुर्ग, पुलिस अधीक्षक दुर्ग, अनुविभागीय अधिकारी पाटन तथा थाना प्रभारी अमलेश्वर को भी प्रेषित की गई है। ज्ञापन पर पार्षद घनश्याम प्रसाद साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के हस्ताक्षर हैं।
मौके पर ओमप्रकाश साहू उपाध्यक्ष, दीपक घिडोड़े नेता प्रतिपक्ष, घनश्याम वर्मा उप नेता प्रतिपक्ष, पार्षद हेमलाल साहू, डोमेन यादव, भेज लाल सोनकर, मंडल अध्यक्ष महेंद्र साहू, सेक्टर अध्यक्ष विकास वर्मा, कांग्रेस नेता धर्मेन्द्र साहू, पार्षद प्रतिनिधि टीकम निषाद, राजा चंद्राकर, औंकार घिडोड़े सहित अन्य जनप्रतिनिधी और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजुद रहे।



