परसदा रेलवे फाटक आज रात खुलेगा, मरम्मत कार्य अंतिम चरण में ,5 दिनों से बंद फाटक खुलने से क्षेत्रवासियों को मिलेगी राहत

कुम्हारी, 13 सितंबर 2026। परसदा रेलवे फाटक को रेलवे विभाग द्वारा मरम्मत कार्य के चलते 8 सितंबर की रात्रि 8:00 बजे से 13 सितंबर की रात्रि 8:30 बजे तक आवागमन के लिए बंद किया गया था। अब मरम्मत कार्य लगभग पूर्णता की ओर है और आज 13 सितंबर की रात 8:00 बजे परसदा रेलवे फाटक को पुनः आवागमन के लिए खोले जाने की जानकारी सामने आ रही है।
फाटक बंद होने के कारण पिछले कई दिनों से स्थानीय लोगों, वाहन चालकों, स्कूली विद्यार्थियों और कामकाजी लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। फाटक खुलने से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
रेलवे विभाग द्वारा फाटक खोलने की समय-सारणी की जानकारी मौके पर लगाए गए सूचना बैनर के माध्यम से दी गई है। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि निर्धारित समय पर मरम्मत कार्य पूरा कर फाटक को आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा।






