खारून नदी का जलस्तर उफान पर, महादेव घाट से रायपुर मार्ग आज भी बंद, प्रशासन ने बैरिकेड लगाकर पुल पास आवाजाही रोकी, पुलिस टीम तैनात; निचली बस्तियों में घट रहा पानी

अमलेश्वर। महादेव घाट अमलेश्वर से रायपुर का संपर्क आज भी बहाल नहीं हो पाएगा। खारून नदी का जलस्तर अभी भी उफान पर है। हालांकि नदी का जलस्तर लगातार कम हो रहा है और निचली बस्तियों में भी पानी घटने लगा है, लेकिन अमलेश्वर नगर के कई शासकीय कार्यालयों के परिसर अभी भी जलमग्न हैं।
रायपुर पहुंच मार्ग पर स्थित महादेव घाट खारून नदी पुल को जिला प्रशासन ने पूरी तरह बैरिकेड लगाकर बंद कर दिया है। लोगों को पुल के पास जाने और नदी पार करने की अनुमति नहीं दी जा रही है। प्रशासन द्वारा किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए मौके पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
बताया जा रहा है कि कल खारून नदी के उफान के दौरान एक व्यक्ति द्वारा पुल पार करने का वीडियो भी सामने आया था, जिसके बाद प्रशासन और अधिक सतर्क हो गया है। मौके पर अमलेश्वर पुलिस की टीम तैनात है और लोगों को पुल की ओर जाने से रोका जा रहा है।
प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी व्यक्ति जोखिम उठाकर पुल पार न करे और बाढ़ की स्थिति में किसी तरह की अप्रिय घटना न हो। नदी का जलस्तर कम होने के बाद ही परिस्थितियों का आकलन कर मार्ग खोलने के संबंध में निर्णय लिया जाएगा।



