शिक्षक की कमी से प्रभावित हो रही पढ़ाई, पालकों ने दी तालाबंदी की चेतावनी, खर्रा स्कूल का है मामला

पाटन। विकासखंड पाटन अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला खर्रा में शिक्षकों की कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने का मामला सामने आया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार विद्यालय में कक्षा पहली से पांचवीं तक की कक्षाओं के संचालन के लिए वर्तमान में मात्र दो शिक्षक कार्यरत हैं। इसके बावजूद इनमें से एक शिक्षक को अन्य विद्यालय में अटैच किए जाने की जानकारी सामने आई है।
शिक्षकों की कमी के चलते एक ही शिक्षक पर कई कक्षाओं की जिम्मेदारी आने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने की बात कही जा रही है। पालकों का कहना है कि प्राथमिक स्तर पर बच्चों की शिक्षा के लिए पर्याप्त शिक्षकों की व्यवस्था जरूरी है, लेकिन विद्यालय में पहले से ही शिक्षकों की कमी है और एक शिक्षक को अन्य विद्यालय में अटैच कर दिया गया है।
पालकों ने मांग की है कि अटैच किए गए शिक्षक को तत्काल शासकीय प्राथमिक शाला खर्रा में वापस लाया जाए तथा विद्यालय में पर्याप्त शिक्षकों की व्यवस्था की जाए। मांग पूरी नहीं होने पर आने वाले दिनों में पालकों द्वारा स्कूल में तालाबंदी किए जाने की चेतावनी दिए जाने की जानकारी सामने आ रही है।
पालकों ने शिक्षा विभाग से मामले का संज्ञान लेते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।



