अमलेश्वरकुम्हारीखेती किसानी के गोठचरौदाछत्तीसगढ़जामगांव आरदुर्ग भिलाईदेश दुनियाधमतरीपाटनबालोदबिलासपुरभिलाई 3राजनांदगांवरानीतराईरायपुरसेलूद

सेवा संकल्प अभियान के बीच अमलेश्वर की सफाई व्यवस्था पर सवाल, तालाब में जलकुंभी और गंदगी से बेहाल सार्वजनिक स्थल

अमलेश्वर। नगर पालिका परिषद अमलेश्वर में सेवा संकल्प अभियान चलाए जाने के बावजूद नगर के चौक-चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों की सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। नगर के हृदय स्थल अटल परिसर के पास स्थित तालाब जलकुंभी से पटा हुआ है,साथ ही डीह के बाजार चौक तालाब में भी गंदगी। भोथली स्थित सार्वजनिक पेयजल के पास भी गंदगी। वहीं नगर के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर भी गंदगी और कचरा पसरा दिखाई दे रहा है।

तालाब की सफाई के लिए कई बार पालिका प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है। यहां तक कि सुशासन तिहार के दौरान भी तालाब की सफाई को लेकर आवेदन दिया गया था।

अमलेश्वरडीह के हृदय स्थल कबीर चौक के आसपास स्थिति भी चिंताजनक बताई जा रही है।इसी तरह बुजुर्गों और युवाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लगाए गए ओपन जिम के आसपास भी घास-फूस उग आई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान को स्वास्थ्य और मनोरंजन के लिए विकसित किया गया है, वहां नियमित साफ-सफाई नहीं होने से उसका उद्देश्य ही प्रभावित हो रहा है।

नगरवासियों को उम्मीद थी कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान के दौरान तालाबों, चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों की विशेष सफाई कराई जाएगी। लेकिन अभियान का समापन नजदीक आने के बावजूद अपेक्षित सुधार दिखाई नहीं देने से लोगों में निराशा है।

नगरवासियों का आरोप है कि 2 अक्टूबर को भी सफाई अभियान चलाया गया, लेकिन कई स्थानों पर पेवर ब्लॉक के आसपास सफाई कर केवल फोटो खिंचवाने तक ही अभियान सीमित रह गया। लोगों का कहना है कि यदि सार्वजनिक स्थलों और तालाबों की वास्तविक रूप से सफाई नहीं होगी तो ऐसे अभियानों का लाभ आम नागरिकों को कैसे मिलेगा।

वहीं नगर में जगह-जगह कचरे के ढेर दिखाई देने और सार्वजनिक स्थानों की नियमित सफाई नहीं होने को लेकर भी पालिका प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। लाखों रुपये की लागत से लगाए गए कचरा बॉक्स भी अब कई स्थानों से गायब बताए जा रहे हैं। नगरवासियों का आरोप है कि सड़क किनारे लगाए गए कई डस्टबिन गुणवत्ता की कमी के कारण कुछ समय बाद ही दिखाई देना बंद हो गए। इसे लेकर भी जिम्मेदारों से जवाब की मांग उठ रही है।

नगरवासियों का कहना है कि सफाई व्यवस्था केवल अभियान या फोटो तक सीमित न रहकर नियमित प्रक्रिया का हिस्सा बननी चाहिए। तालाब, निस्तारी स्थल, चौक-चौराहे और सार्वजनिक स्थान सीधे आम लोगों के दैनिक जीवन से जुड़े हैं। ऐसे स्थानों की उपेक्षा से स्वच्छता के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी उत्पन्न हो सकती हैं।

सेवा संकल्प अभियान अब अपने अंतिम चरण में है। ऐसे में अमलेश्वर नगरवासियों की निगाहें अब नगर पालिका परिषद पर टिकी हुई हैं कि अभियान के दौरान लंबित सफाई कार्यों को पूरा कराने के साथ ही आगे भी नगर की सफाई व्यवस्था को नियमित और प्रभावी बनाया जाएगा या नहीं।

नगरवासियों ने पालिका प्रशासन से मांग की है कि अटल परिसर के पास स्थित तालाब, डीह तालाब, भोथली पेयजल समीप, ओपन जिम परिसर सहित नगर के सभी सार्वजनिक स्थलों की तत्काल सफाई कराई जाए तथा नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!