मोतीपुर सतनाम चौक पर बाजार लगाने से आवागमन प्रभावित, मेला परिसर में बाजार शिफ्ट करने की मांग

अमलेश्वर/मोतीपुर। जनपद पंचायत पाटन अंतर्गत ग्राम पंचायत मोतीपुर में सतनाम चौक के पास मुख्य सड़क पर प्रत्येक मंगलवार को लगने वाले साप्ताहिक बाजार के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क के दोनों ओर दुकानें लगने से मार्ग संकरा हो जाता है और वाहनों की आवाजाही के दौरान जाम की स्थिति निर्मित होने के साथ ही दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
आगामी नवरात्रि पर्व को देखते हुए समस्या और बढ़ने की संभावना है। सतनाम चौक के पास नौ दिनों तक दुर्गा पंडाल भी स्थापित किया जा रहा है। ऐसे में साप्ताहिक बाजार और दुर्गा पंडाल के कारण मुख्य सड़क पर यातायात का दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति गंभीर हो सकती है।
बताया गया कि विगत माह कुम्हारी से रायपुर को जोड़ने वाले खारून नदी ब्रिज के मेंटेनेंस कार्य के दौरान पुल बंद था। उस समय दुर्ग से रायपुर आने-जाने वाले लोगों के लिए मोतीपुर मार्ग महत्वपूर्ण वैकल्पिक रास्ता बन गया था। उस दौरान ग्राम पंचायत के सरपंच मोहन लोधी की सहमति तथा जिला प्रशासन के सहयोग से साप्ताहिक बाजार को सतनाम चौक से हटाकर गुरु घासीदास बाबा मंदिर परिसर के पास स्थित मेला स्थल में स्थानांतरित किया गया था। इससे मुख्य मार्ग पर यातायात सुचारु रूप से संचालित हो रहा था।
लेकिन खारून नदी ब्रिज का मेंटेनेंस कार्य पूरा होने के बाद साप्ताहिक बाजार फिर से सतनाम चौक के पास मुख्य सड़क पर लगने लगा है। इससे आए दिन जाम की स्थिति बन रही है। आगामी त्योहारी सीजन में भीड़ बढ़ने के कारण राहगीरों एवं वाहन चालकों को और अधिक परेशानी होने की आशंका है। इसके बावजूद जिम्मेदारों की ओर से अब तक स्थायी व्यवस्था नहीं किए जाने को लेकर लोगों में नाराजगी है।
इस संबंध में ग्राम पंचायत मोतीपुर के सरपंच मोहन लोधी ने बताया कि बाजार को पहले मेला परिसर में स्थानांतरित किया गया था, लेकिन कुछ व्यापारी मनमानी करते हुए पुनः पुराने बाजार स्थल सतनाम चौक पर दुकानें लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को फिर से मेला परिसर में बाजार लगाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। वर्तमान में बाजार शुल्क भी नहीं लिया जा रहा है, जिसके कारण लोग अपनी सुविधा के अनुसार कहीं भी दुकान लगा रहे हैं। जल्द ही इस संबंध में निर्णय लेकर बाजार को सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संचालित करने की व्यवस्था की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि नवरात्रि एवं आगामी त्योहारों को देखते हुए मुख्य सड़क से साप्ताहिक बाजार को तत्काल हटाकर मेला परिसर में व्यवस्थित रूप से स्थानांतरित किया जाए, ताकि यातायात सुचारु रहे और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को टाला जा सके।



