सामाजिक भवन के लिए 15 लाख रुपये की स्वीकृति पर परिक्षेत्र सतनामी समाज मोतीपुर ने सांसद विजय बघेल का जताया आभार
अमलेश्वर। परिक्षेत्र सतनामी समाज उत्तर पाटन मोतीपुर के अध्यक्ष दिलीप टंडन के नेतृत्व में समाज के प्रतिनिधिमंडल ने दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल से मुलाकात कर परिक्षेत्र सतनामी समाज मोतीपुर के लिए सामाजिक भवन निर्माण हेतु 15 लाख रुपये की राशि स्वीकृत किए जाने पर आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।
समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि परिक्षेत्र में सर्वसुविधायुक्त सामाजिक भवन बनने से समाज की विभिन्न सामाजिक गतिविधियों को गति मिलेगी। साथ ही सामाजिक एकरूपता और आपसी समन्वय को बढ़ावा मिलेगा। इस भवन के निर्माण से परिक्षेत्र के लगभग 31 गांवों के लिए एक केंद्रीय सामाजिक केंद्र उपलब्ध होगा, जहां विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम, बैठकें एवं अन्य गतिविधियां आयोजित की जा सकेंगी।
प्रतिनिधिमंडल ने सांसद विजय बघेल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामाजिक भवन की स्वीकृति समाज के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे आने वाले समय में समाज को संगठित होकर सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने में सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर परिक्षेत्र सतनामी समाज मोतीपुर के अध्यक्ष दिलीप टंडन, राजेश बघेल, उत्तरा सोनवानी, संजय सोनवानी, राजेंद्र देशलहरे, राजकुमार बघेल, पन्ना लाल बंजारे, रामसेवक खूंटेल, अहेन्द्र चेलक, चेतन माण्डले, गोविंद जांगड़े, कुलेश्वर गायकवाड़, प्रकाश देशलहरे, नरेंद्र गायकवाड़, रामकुमार बांधे सहित समाज के अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



