पाहंदा-अमलेश्वर मुख्य मार्ग पर बना ब्रेकर बना हादसों का कारण, जांच की मांग

अमलेश्वर। पाटन ब्लॉक अंतर्गत पाहंदा (अ) से अमलेश्वर होते हुए रायपुर को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर स्मार्ट सिटी के पास सीमेंट-कंक्रीट से बनाए गए ब्रेकर को लेकर राहगीरों में नाराजगी देखने को मिल रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ब्रेकर का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं होने के कारण यहां वाहन चालकों को परेशानी हो रही है और कई लोग दुर्घटनाग्रस्त भी हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार मुख्य मार्ग पर सीमेंट-कंक्रीट का उपयोग कर ब्रेकर का निर्माण किया गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इसकी ऊंचाई एवं निर्माण का तरीका लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं है। अचानक बने इस ब्रेकर के कारण विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पाहंदा (अ), अमलेश्वर और रायपुर के बीच नियमित आवागमन करने वाले लोगों ने बताया कि ब्रेकर का निर्माण रात्रि के समय किया गया, जिसके कारण वाहन चालकों को इसकी जानकारी नहीं मिल पाई और दुर्घटना की स्थिति निर्मित हो रही है। लोगों ने ब्रेकर के आसपास पर्याप्त संकेतक, पेंटिंग अथवा रिफ्लेक्टर लगाए जाने की आवश्यकता भी बताई है।
स्थानीय लोगों ने यह भी मांग की है कि लोक निर्माण विभाग मौके पर पहुंचकर ब्रेकर के निर्माण की जांच करे और यदि निर्माण निर्धारित मापदंडों के अनुरूप नहीं पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुधार कराकर वाहन चालकों के लिए सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया जाए।



