दुर्ग पुलिस की जुआरियों पर बड़ी कार्रवाई, 48 लोगों पर शिकंजा; ₹83,410 नगद जब्त

दुर्ग। जिले में अवैध जुआ और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने व्यापक अभियान चलाते हुए 12 अलग-अलग जुआ प्रकरणों में 48 व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 83 हजार 410 रुपये नगद और 52-52 पत्ती की 12 ताश की गड्डियां जब्त की हैं। वहीं, नेवई थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लेकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक आरोपी को भी गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 एवं 6 नवंबर 2026 को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेलने की सूचना पर पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान नेवई, मोहन नगर, खुर्सीपार, धमधा, अमलेश्वर, उतई, नंदिनी एवं बोरी थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 12 जुआ प्रकरण दर्ज किए गए। इनमें 48 लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।



इन स्थानों पर हुई कार्रवाई
पुलिस ने नेवई थाना क्षेत्र के बीआरपी चौक एवं रिसाली बस्ती, मोहन नगर के कैलाश नगर शिव मंदिर के पीछे एवं आदित्य नगर, खुर्सीपार के शासकीय स्कूल और बाबा बालकनाथ मंदिर के पास, धमधा के तालाब पार एवं तालाब क्षेत्र, अमलेश्वर थाना क्षेत्र के नया बाड़ा चौक एवं पहंदा, उतई के छाता स्थित दुर्गा मंच के सामने, नंदिनी के ग्राम देउरझाल तालाब तथा बोरी थाना क्षेत्र के ग्राम ढाबा तालाब के पास कार्रवाई की।
धारदार चापड़ लेकर लोगों को डरा रहा था आरोपी
इसी अभियान के दौरान नेवई थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर लोहे का धारदार हथियार लेकर लोगों को डराने-धमकाने वाले शंभु विभार उर्फ उडिया (38 वर्ष), निवासी शंकर पारा, स्टेशन मरोदा, जिला दुर्ग को पुलिस ने पकड़ा। आरोपी के कब्जे से एक लोहे का धारदार चापड़ जब्त कर उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
इन आरोपियों पर हुई कार्रवाई
जुआ प्रकरणों में उपलब्ध जानकारी के अनुसार प्रवीण मरकाम, नुहर यादव, धर्मेंद्र देवांगन, ओमप्रकाश यादव, श्रवण कुमार, अमित कुमार, चुरावन साहू, निलेश साहू, सुरेश ध्रुव, कैलाश चेलक, टाकेश्वर साहू एवं भास्कर महरिया सहित अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
दुर्ग पुलिस ने सभी मामलों में संबंधित अधिनियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए जब्ती एवं डिजिटल साक्ष्य संबंधी प्रक्रिया पूरी की है।
दुर्ग पुलिस की आम नागरिकों से अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर जुआ खेलने, अवैध गतिविधियों में संलिप्त रहने अथवा हथियार लेकर घूमने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
दुर्ग पुलिस – आपकी सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता।



