पिस्टल और कट्टा के साथ शराब तस्करी में 4 आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग/ ऑपरेशन “विश्वास” के तहत दुर्ग पुलिस ने अवैध शराब और हथियार तस्करी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 01 पिस्टल, 01 देशी कट्टा, 06 जिंदा कारतूस, 01 धारदार चाकू और 141 पौवा देशी मसाला शराब बरामद की है। साथ ही शराब बिक्री से कमाए गए ₹3,920 नगद भी जब्त किए गए हैं।
मुख्य आरोपी पहले भी हत्या के मामले में गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल पवन कुर्रे और कृष्ण कुमार जोशी पहले भी धारा 302 भादवि (हत्या) के मामले में जेल जा चुके हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी लंबे समय से संगठित होकर शराब तस्करी और अवैध हथियार रखने का काम कर रहे थे।
ऐसे पकड़े गए आरोपी
थाना पदमनाभपुर के कसारीडीह वार्ड-44 में आरोपियों के पास भारी मात्रा में अवैध शराब और हथियार रखे होने की सूचना मुखबिर से मिली थी। जानकारी पर दुर्ग अनुविभाग की विशेष टीम ने रेड कर आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा।
पुलिस की कार्रवाई में –
पवन कुर्रे के घर से 93 पौवा शराब, पिस्टल, कारतूस और धारदार चाकू बरामद।
विनोद कुर्रे के पास से मैग्जिन और 03 जिंदा कारतूस जब्त।
सूर्यदेव कोठारी उर्फ गोपा के पास से देशी कट्टा और 02 जिंदा कारतूस बरामद।
कृष्ण कुमार जोशी के पास से 48 पौवा देशी मसाला शराब जब्त।
आरोपियों पर दर्ज मामले
सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट, 25/27 आर्म्स एक्ट और 112(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी
पवन कुर्रे, निवासी कसारीडीह दुर्ग
विनोद कुर्रे, निवासी कसारीडीह दुर्ग
कृष्ण कुमार जोशी, निवासी कसारीडीह दुर्ग
सूर्यदेव कोठारी उर्फ गोपा, निवासी पोटिया दुर्ग






