आत्मानंद स्कूल के किचन में गैस सिलेंडर में लगी भीषण आग, समय रहते बच्चों को सुरक्षित निकाला गया

बेमेतरा। बेमेतरा जिले के सिंघोरी स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल के किचन में उस समय हड़कंप मच गया, जब खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में अचानक भीषण आग लग गई। आग की तेज लपटों को देखकर स्कूल प्रबंधन ने तत्परता दिखाते हुए सभी बच्चों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना की सूचना मिलते ही आरक्षक लक्ष्मी प्रसाद टंडन पुलिस वाहन 112 के साथ मौके पर पहुंचे। आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि प्रारंभिक प्रयासों के बावजूद उस पर काबू नहीं पाया जा सका। हालात को गंभीर देखते हुए भारत गैस एजेंसी की फायर सेफ्टी टीम को बुलाया गया।



फायर सेफ्टी टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। इस दौरान स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी भी बच्चे या स्टाफ को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
समय रहते बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन ने राहत की सांस ली है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।



