सियान सदन में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

कुम्हारी। स्वतंत्रता दिवस की 79वीं वर्षगांठ सियान सदन में हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसके पश्चात सियान सदन के अध्यक्ष श्री मुरारी लाल साव ने ध्वजारोहण किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ सेवानिवृत्त व्याख्याता सुश्री एन. लक्ष्मी, वार्ड पार्षद ओम नारायण वर्मा, बी.एल. साहू, सचिव भुनेश्वर साहू, वीरेंद्र पाण्डेय, प्रेम चंद्राकर, विशाल साहू, जायसवाल सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में “जो शहीद हुए हैं उनकी, जरा याद करो कुर्बानी” विषय पर देश के महान शहीदों को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया। वक्ताओं ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए शहीदों द्वारा दिए गए योगदान और बलिदान को आने वाली पीढ़ियों तक जीवंत बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
मुरारी लाल साव ने कहा कि प्रत्येक समाज द्वारा वाचनालय का संचालन किया जाना चाहिए, ताकि युवाओं एवं विद्यार्थियों में राष्ट्रीयता, देशप्रेम, सहयोग तथा ज्ञान की भावना का प्रसार हो सके। उन्होंने बताया कि सियान सदन में समय-समय पर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को निःशुल्क अध्ययन की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। होनहार विद्यार्थी अनुभवी सेवानिवृत्त शिक्षकों से मार्गदर्शन भी प्राप्त कर रहे हैं।
सियान सदन के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ साहित्यकार श्री मुरारी लाल साव ने बताया कि सदन में रोजगार एवं विज्ञापन संबंधी सूचनाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं। शासकीय एवं निजी संस्थानों से प्राप्त रोजगार संबंधी विज्ञापनों को संकलित कर जरूरतमंद लाभार्थियों को निःशुल्क उपलब्ध कराया जाता है। इस सुविधा का लाभ लेने के लिए विद्यार्थियों का पंजीयन आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता एवं राष्ट्रहित के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।



