महिलाओं के प्रतिभा उत्सव की तैयारियां तेज, 21 अगस्त को पाटन में होगा भव्य आयोजन
अमलेश्वर। पाटन विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत भाजपा मंडल के कार्यकर्ताओं द्वारा महिलाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से महिलाओं के प्रतिभा उत्सव का आयोजन आगामी 21 अगस्त को पाटन रेस्ट हाउस में किया जा रहा है। प्रथम सावन महोत्सव के कार्यक्रम की तैयारियां अमलेश्वर मंडल, पाटन मंडल, कुम्हारी मंडल, दरबार मोखली मंडल एवं जामगांव आर भाजपा मंडल के कार्यकर्ताओं द्वारा जोर-शोर से की जा रही हैं।
प्रतिभा उत्सव में महिलाओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसमें फैशन शो, कुर्सी दौड़, रस्साकशी, कबड्डी सहित छत्तीसगढ़ी पारंपरिक खेलों की प्रतियोगिताएं प्रमुख रूप से शामिल हैं। आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना तथा पारंपरिक खेलों एवं संस्कृति को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल की धर्मपत्नी श्रीमती रजनी बघेल उपस्थित रहेंगी। आयोजन को लेकर भाजपा के विभिन्न मंडलों के कार्यकर्ताओं द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
उक्त जानकारी जिला पंचायत सभापति श्रीमती नीलम राजेश चंद्राकर ने मीडिया को दी।



