पाटन में पूर्व सीएम भूपेश बघेल के जन्मदिन की भव्य तैयारियां, 100 किलो की माला से होगा स्वागत और बालूशाही से तुलादान
पाटन, तर्रा । छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पाटन विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय नेता भूपेश बघेल के जन्मदिवस के अवसर पर आगामी 23 अगस्त को ग्राम पंचायत तर्रा, पाटन में विशाल स्वागत एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम को भव्य और यादगार बनाने के लिए ग्राम पंचायत तर्रा के सरपंच एवं पाटन विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष विपिन चंद्राकर की अगुवाई में ग्रामीणों एवं समर्थकों द्वारा तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं।
क्रेन से पहनाई जाएगी 100 किलो की फूलमाला




आयोजन समिति के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण क्रेन के माध्यम से पहनाई जाने वाली 100 किलोग्राम वजनी विशाल फूलमाला होगी। इसके साथ ही रामसागर पारा की प्रसिद्ध बालूशाही मिठाई से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का तराजू में तुलादान कर अभिनंदन किया जाएगा।
संस्कृति और आस्था का भी दिखेगा संगम
राजनीतिक कार्यक्रम के साथ समारोह में छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति एवं आस्था की झलक भी देखने को मिलेगी। कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध कथावाचक युवराज पांडेय जी की गरिमामयी उपस्थिति होने की संभावना है। आयोजन को लेकर क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है।
समारोह में पाटन विधानसभा क्षेत्र सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं, समर्थकों एवं ग्रामीणों के पहुंचने की संभावना है। आयोजकों द्वारा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।



