लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले,गंगादीन साहू बने तहसील साहू संघ पाटन के न्याय समिति संयोजक
पाटन। तहसील साहू संघ पाटन में 22 अगस्त को कार्यकारिणी की आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में तहसील स्तरीय कर्मा जयंती के आय-व्यय का अनुमोदन किया गया। इसके पश्चात 6 सितंबर को आयोजित होने वाले तहसील स्तरीय तीज मिलन समारोह को लेकर चर्चा-परिचर्चा की गई। बैठक के बाद तहसील साहू संघ पाटन के अध्यक्ष लालेश्वर साहू ने नई कार्यकारिणी की घोषणा की।
अध्यक्ष लालेश्वर साहू ने अपनी कार्यकारिणी में 140 सामाजिक कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी हैं। कार्यकारिणी में लंबे समय से समाजसेवा में सक्रिय एवं वरिष्ठ समाजसेवक पूर्व तहसील अध्यक्ष गंगादीन साहू को न्याय प्रकोष्ठ का संयोजक मनोनीत किया गया है।
गौरतलब है कि गंगादीन साहू लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। उन्होंने स्थानीय साहू समाज असोगा में सचिव के रूप में सेवा देने के बाद तहसील साहू संघ पाटन में युवा प्रकोष्ठ के संयोजक की जिम्मेदारी संभाली। समाजहित में निरंतर कार्य करने के चलते वे तेलीगुंडरा परिक्षेत्र के दो बार अध्यक्ष भी रहे। इसके बाद वर्ष 2012 में तहसील साहू संघ पाटन के अध्यक्ष बने तथा तीन बार जिला प्रतिनिधि के रूप में भी अपनी सेवाएं दीं।
वर्तमान में भी गंगादीन साहू समाजसेवा में निरंतर सक्रिय हैं। उनके अनुभव एवं सामाजिक योगदान को देखते हुए उन्हें तहसील साहू संघ पाटन के न्याय प्रकोष्ठ संयोजक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नई जिम्मेदारी मिलने पर तहसील साहू संघ के पदाधिकारियों एवं सामाजिक बंधुओं ने गंगादीन साहू को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



