बहनों का मान, विष्णु भैया का सम्मान-महिलाओं के सशक्तिकरण से समृद्ध छत्तीसगढ़ महान
दुर्ग अमलेश्वर , 25 अगस्त 2026/ भाई-बहनों के अटूट प्रेम और स्नेह का प्रतीक रक्षाबंधन का त्यौहार इस बार प्रदेश की महिलाओं के लिए खुशियों की नई सौगात लेकर आया है। इस पावन पर्व पर राज्य सरकार की ’महतारी वंदन योजना’ प्रदेश की बहनों के जीवन में समृद्धि और स्वावलंबन का नया रंग भर रही है। इसी उमंग की एक सुंदर तस्वीर पाटन विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नगर पालिका परिषद अमलेश्वर के वार्ड नंबर 06 (ग्राम खुड़मुड़ा) में देखने को मिलती है, जहाँ की निवासी श्रीमती ललिता कुमार साहू के चेहरे पर आज एक अलग ही खुशी और संतोष की झलक है। ललिता बहन बताती हैं कि महतारी वंदन योजना केवल एक आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि यह बहनों के आत्मसम्मान का प्रतीक है, जिससे वे अपने परिवार की जरूरतों और बच्चों की पढ़ाई-लिखाई को आसानी से पूरा कर पा रही हैं।
रक्षाबंधन के इस विशेष अवसर को बहनों के लिए और भी खास बनाते हुए, प्रदेश के मुख्यमंत्री, हमारे विष्णु भैया ने एक भाई का फर्ज निभाते हुए यह अनूठा उपहार दिया है। राखी त्यौहार की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए उन्होंने महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त, जो अमूमन सितंबर माह में मिलती, उसे बहनों के खातिर 25 अगस्त को ही जारी कर रक्षा-बंधन का बेहद खूबसूरत उपहार प्रदान किया है। त्यौहार से ठीक पहले मिली इस अग्रिम राशि से गदगद ललिता जी कहती हैं कि भाई के इस स्नेह ने रक्षाबंधन के उत्सव को दोगुना रंगीन बना दिया है। सचमुच, बहनों के मान और विष्णु भैया के सम्मान से महिलाएं सशक्तिकरण से समृद्ध की ओर बढ़ रही है।







