खेलो इंडिया संवाद में गूंजा खेल और फिटनेस का संदेश, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन सुना

दुर्ग अमलेश्वर। राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित देशव्यापी अभियान के तहत 27 अगस्त 2026 को महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, दुर्ग सांकरा पाटन के अंतर्गत संचालित उद्यानिकी महाविद्यालय सांकरा के प्रांगण में ‘खेलो इंडिया डायलॉग—खेल की बात, पीएम मोदी के साथ’ कार्यक्रम का गरिमापूर्ण आयोजन किया गया।
कार्यक्रम विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रोफेसर रवि आर. सक्सेना के कुशल दिशा-निर्देशन एवं अधिष्ठाता (डीन) डॉ. अमित दीक्षित के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस दौरान महाविद्यालय प्रांगण में उपस्थित प्राध्यापकों, अधिकारीगण, कर्मचारीगण एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन को लाइव सुना।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में देश की युवा शक्ति और खेल शक्ति को ‘विकसित भारत’ के निर्माण से जोड़ने तथा खेलों के माध्यम से व्यक्तित्व विकास पर विशेष जोर दिया। उन्होंने युवाओं को खेल एवं फिटनेस के प्रति जागरूक होकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।
विश्वविद्यालय प्रबंधन एवं प्राध्यापकों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं में खेल भावना, शारीरिक फिटनेस, अनुशासन एवं देश के प्रति नागरिक जिम्मेदारियों की भावना को बढ़ावा देने में अत्यंत सहायक हैं। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्रोफेसर, स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे और उन्होंने उत्साहपूर्वक राष्ट्रीय खेल विमर्श में सहभागिता दर्ज की।
कार्यक्रम का सफल संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गागेन्द्र सिंह राजपूत ने किया।



