पाटन की गौरवशाली विरासत को संजोने की पहल, ग्राम बटंग में बनेगी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी गौरव वाटिका

पाटन। जनपद पंचायत पाटन की सामान्य सभा की बैठक में जनपद अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक ने क्षेत्र के विकास एवं जनहित से जुड़े विषयों पर महत्वपूर्ण चर्चा करते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनपद पंचायत का उद्देश्य शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
अध्यक्षीय उद्बोधन में श्रीमती कीर्ति नायक ने सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, कृषि एवं ग्रामीण विकास से जुड़े विषयों पर सभी जनपद सदस्यों से अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को सदन में प्रमुखता से रखने और उनके समाधान के लिए सामूहिक रूप से प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने अधिकारियों से भी जनहित के मामलों में समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्यवाही सुनिश्चित करने की अपेक्षा जताई।




स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति को मिलेगा स्थायी सम्मान
बैठक में श्रीमती कीर्ति नायक ने पाटन विकासखंड के समस्त स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, संघर्ष और राष्ट्रसेवा को चिरस्थायी सम्मान देने के उद्देश्य से ग्राम बटंग में “पाटन स्वतंत्रता संग्राम सेनानी गौरव वाटिका” के निर्माण का महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखा।
प्रस्ताव के तहत ग्राम बटंग में उपयुक्त स्थल का स्थल निरीक्षण एवं चयन करने तथा जिला कलेक्टर कार्यालय से पाटन विकासखंड क्षेत्र के समस्त स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की प्रमाणित नामावली प्राप्त करने की बात कही गई। वाटिका में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम एवं उनके योगदान को सम्मानपूर्वक स्थान देने की परिकल्पना की गई है।
श्रीमती कीर्ति नायक ने कहा कि “यह केवल एक वाटिका का निर्माण नहीं, बल्कि पाटन की गौरवशाली ऐतिहासिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का संकल्प है। हमारे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का त्याग और बलिदान सदैव समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।”
बैठक में उपस्थित जनपद सदस्यों एवं अधिकारियों ने क्षेत्र के विकास तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृति को सम्मान देने की इस पहल को महत्वपूर्ण बताया।



