देखरेख के अभाव में बटंग धान खरीदी केंद्र की व्यवस्था बदहाल, खुले में पड़ी भूसी बारिश में हो रही खराब

पाटन। पाटन ब्लॉक अंतर्गत सेवा सहकारी समिति मर्यादित बटंग के धान खरीदी केंद्र में इन दिनों अव्यवस्था का आलम देखने को मिल रहा है। देखरेख के अभाव में धान खरीदी केंद्र का घेरा क्षतिग्रस्त होकर जालीतार टूट गया है। वहीं धान खरीदी पूर्ण होने के बाद बड़ी मात्रा में भूसी को सुरक्षित रखने के बजाय खुले में छोड़ दिया गया है, जिसके चलते बारिश के पानी से भूसी खराब हो रही है।
बताया जा रहा है कि भूसी को सुरक्षित रखने के संबंध में विभागीय अधिकारियों द्वारा पहले ही निर्देश दिए जा चुके हैं, इसके बावजूद धान खरीदी केंद्र में खुले में पड़ी भूसी की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर जिम्मेदारों द्वारा कोई गंभीर पहल नहीं की जा रही है। बारिश के कारण भूसी लगातार खराब हो रही है। वहीं टूटा हुआ जालीतार होने के कारण मवेशी भी धान खरीदी केंद्र के अंदर प्रवेश कर खुले में पड़ी भूसी को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
इस अव्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि किसानों और समिति के हित से जुड़े संसाधनों का इस तरह लापरवाही से रखरखाव किया जाना आर्थिक नुकसान का कारण बन सकता है। आने वाले दिनों में राज्य सरकार द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत धान खरीदी की तैयारी शुरू की जाएगी। ऐसे में यदि पहले से खरीदी गई भूसी का उचित रखरखाव नहीं किया गया और वह बारिश में खराब होती रही, तो समिति को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि धान खरीदी केंद्र में क्षतिग्रस्त जालीतार की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा खुले में पड़ी भूसी को सुरक्षित स्थान पर रखा जाए, ताकि बारिश और मवेशियों से होने वाले नुकसान को रोका जा सके। साथ ही पूरे मामले की जांच कर लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर आवश्यक कार्रवाई की जाए। फिलहाल मामले में जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।






