इंद्रावती भवन की लिफ्ट में 7-8 अधिकारी-कर्मचारी करीब आधे घंटे फंसे
रायपुर। नवा रायपुर स्थित संचालनालय इंद्रावती भवन में आज उस समय हड़कंप मच गया, जब लिफ्ट में करीब 7 से 8 कर्मचारी एवं अधिकारी लगभग आधे घंटे तक फंसे रहे। लिफ्ट के अचानक रुक जाने के बाद अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने के लिए काफी जद्दोजहद करनी पड़ी। लंबे प्रयास के बाद सभी लोग लिफ्ट से बाहर सुरक्षित निकल सके।
इस घटना के बाद इंद्रावती भवन में लिफ्ट के मेंटेनेंस को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि भवन में मेंटेनेंस के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है। लिफ्ट जैसी महत्वपूर्ण सुविधा के नियमित रखरखाव में लापरवाही किसी भी समय गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।
कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि इंद्रावती भवन में संचालित सभी लिफ्टों की तत्काल तकनीकी जांच कराई जाए। साथ ही, लिफ्टों के नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण मेंटेनेंस की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में कर्मचारियों और अधिकारियों को इस तरह की परेशानी या जोखिम का सामना न करना पड़े।मेंटेनेंस व्यवस्था में तत्काल सुधार करना अति आवश्यक है।






