प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर जलाए गए दीप आज भी अटल परिसर में, स्वच्छता व्यवस्था पर उठे सवाल

अमलेश्वर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर के शुभ अवसर पर 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। नगर पालिका परिषद अमलेश्वर द्वारा अटल परिसर में दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु की कामना की गई थी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा संगठन के कार्यकर्ताओं सहित नगर पालिका परिषद के जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित हुए थे। इस दौरान सभी ने दीप प्रज्वलित कर एक-दूसरे को बधाई दी और सेल्फी भी ली।
लेकिन कार्यक्रम के कई दिन बाद भी अटल परिसर में जलाए गए दीपक और उनका अवशेष वहीं पड़ा हुआ दिखाई दे रहा है। इससे नगर की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। नगर पालिका परिषद के हृदय स्थल में स्थित अटल परिसर में पड़े ये दीपक अब जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
नगरवासियों का कहना है कि घरों में तीज-त्योहार अथवा किसी विशेष अवसर पर दीप प्रज्वलित करने के बाद अगले दिन परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता का ध्यान रखा जाता है। ऐसे में नगर पालिका द्वारा आयोजित सेवा संकल्प कार्यक्रम के बाद भी दीपक और उसका अवशेष नहीं हटाया जाना चिंता का विषय है।
नगरवासियों ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सेवा और स्वच्छता का संदेश देना भी है। ऐसे में सार्वजनिक स्थल पर कार्यक्रम के बाद साफ-सफाई सुनिश्चित करना नगर पालिका की जिम्मेदारी है। अटल परिसर में अब भी पड़े दीपकों को लेकर जिम्मेदारों की ओर से कोई कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। अब देखना होगा कि नगर पालिका प्रशासन इस ओर कब ध्यान देता है और अटल परिसर की साफ-सफाई कब कराई जाती है।



